Delhi New CM : भाजपा ने करोड़ों लोगों के इंतजार को खत्म करते हुए शालीमार बाग से जीत दर्ज करने वाली रेखा गुप्ता को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री चुना है। लंबे समय से इस पर चर्चा हो रही थी कि रेखा गुप्ता को ही नया सीएम बनाया जा सकता है, और अब इस पर आधिकारिक मुहर लग चुकी है।
इसके अलावा, भाजपा ने नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा को दिल्ली का नया डिप्टी सीएम चुना है।
गौरतलब है कि आज आरएसएस ने भी दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता का नाम सुझाया था। भाजपा के दोनों पर्यवेक्षक, रविशंकर प्रसाद और ओम प्रकाश धनखड़, ने सभी विधायकों से एक-एक करके चर्चा की और फिर रेखा गुप्ता के नाम पर सहमति जताई। इसके अलावा, भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता को विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कौन हैं दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता?
रेखा गुप्ता का राजनीतिक सफर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से शुरू हुआ था, जहां वे दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) की सचिव भी रह चुकी हैं। उनका प्रभाव शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में देखा जाता है। उनके परिवार की जड़ें हरियाणा के जींद जिले के जुलाना से जुड़ी हैं, जहां उनका परिवार व्यापार करता है। उनके पिता भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में कार्यरत थे, जिसके बाद उनका परिवार दिल्ली में आकर बस गया।
वैश्य समुदाय से आने वाली रेखा गुप्ता को भाजपा के कोर वोट बैंक का प्रतिनिधि माना जाता है, जिससे उनकी दावेदारी और मजबूत हुई। वर्तमान में भाजपा के किसी भी राज्य में महिला मुख्यमंत्री नहीं हैं, ऐसे में रेखा गुप्ता को यह जिम्मेदारी मिलने की प्रबल संभावना पहले से ही जताई जा रही थी।
