Vande Bharat 24 Exclusive
लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव में मिली करारी हार के बाद पंजाब की सियासत में उबाल आ गया है। कांग्रेस पार्टी में इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है। ताजा जानकारी के अनुसार, पार्टी के वरिष्ठ नेता परगट सिंह और कुशलदीप सिंह ‘किक्की’ ढिल्लों ने पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है।
इससे पहले कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशु ने भी उपचुनाव में हार के बाद कार्यकारी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था।
सूत्रों के मुताबिक, जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह और फरीदकोट से पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह ढिल्लों ने अपने इस्तीफे कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और पंजाब मामलों के प्रभारी भूपेश बघेल को भेज दिए हैं। हालांकि, कांग्रेस की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। जानकारी ये भी है कि इस समय किक्की ढिल्लों ऑस्ट्रेलिया में हैं और उन्होंने ईमेल के जरिए अपना इस्तीफा भेजा है।
गौरतलब है कि लुधियाना उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी भारत भूषण आशु, आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा से 10 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हार गए थे। इसके बाद आशु ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
चुनाव प्रचार के दौरान ही कांग्रेस में गुटबाजी खुलकर सामने आ गई थी। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा जैसे बड़े नेता आशु के समर्थन में चुनाव प्रचार करने नहीं पहुंचे। आशु के प्रचार की जिम्मेदारी कांग्रेस के दूसरे गुट ने संभाली थी, जिसमें परगट सिंह और किक्की ढिल्लों भी शामिल थे।
इस उपचुनाव की हार ने कांग्रेस की अंदरूनी कलह को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

Author: Harsh Sharma
Journalist