Vande Bharat 24 Breaking
हिमाचल प्रदेश में सक्रिय मानसून ने भारी तबाही मचा दी है। लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। नदियां, नाले और खड्डें उफान पर हैं, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मंडी के पंडोह डैम से 1.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद देहरा उपमंडल में ब्यास नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। जलस्तर के तेज़ी से बढ़ने से आसपास के क्षेत्रों में खतरे की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
महाकालेश्वर मंदिर पर मंडरा रहा है खतरा
देहरा के ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण महाकालेश्वर मंदिर पर भी संकट के बादल गहराने लगे हैं। मंदिर के समीप ब्यास नदी का जलस्तर अब केवल तीन फुट नीचे रह गया है। लगातार बढ़ते जलस्तर से मंदिर के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है। यह मंदिर न केवल ऐतिहासिक धरोहर है, बल्कि मान्यता है कि ब्यास नदी दशक में एक बार यहां आकर भगवान शिव के चरणों में शीश नवाती है। स्थानीय निवासी रमन शर्मा ने बताया कि ऐसा उफान करीब तीन साल पहले भी देखा गया था। उन्होंने प्रशासन से मंदिर की सुरक्षा के लिए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
सड़कों पर मलबा, रास्ते हुए बंद
लगातार बारिश के चलते डाडासीबा से मचकुंड मंदिर होते हुए नंगल घियोरी की ओर जाने वाला मार्ग भारी मलबे और पानी की चपेट में आ गया है, जिससे सड़क पूरी तरह बंद हो गई है। पीडब्ल्यूडी और स्थानीय लोग रास्ता खोलने के प्रयास में जुटे हैं, लेकिन लगातार बारिश बाधा बन रही है।

प्रशासन अलर्ट पर, स्कूलों में छुट्टी घोषित
एसडीएम देहरा कुलवंत सिंह पोटन ने बताया कि ब्यास नदी सहित सभी जल स्रोतों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। आपदा प्रबंधन और राजस्व विभाग की टीमें चौकसी में जुटी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों के आसपास न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीसी कांगड़ा के आदेशानुसार देहरा उपमंडल के सभी स्कूलों में एहतियातन छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।
मौसम विभाग का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में अगले 24 घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इससे साफ है कि बारिश का कहर और भी बढ़ सकता है, जिससे हालात और बिगड़ने की आशंका है। प्रशासन ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

Author: Harsh Sharma
Journalist