उपराष्ट्रपति के चुनाव के लिए तारीख का ऐलान, 21 अगस्त तक होगा नामांकन
जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद उपराष्ट्रपति की रेस में शामिल हो सकते हैं ये नाम।

वन्दे भारत 24 : चुनाव आयोग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अधिसूचना 7 अगस्त को जारी की जाएगी और नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 21 अगस्त है। मतदान और मतगणना 9 सितंबर को होगी।चुनाव आयोग ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “राष्ट्रपति एवं उपराष्ट्रपति चुनाव नियम, 1974 के नियम 8 के अनुसार, चुनाव के लिए मतदान संसद भवन में होगा। यदि आवश्यक हुआ तो मतदान कक्ष संख्या F-101, वसुधा, प्रथम तल, संसद भवन, नई दिल्ली में होगा। चुनाव आयोग ने बताया कि चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल में संसद के 782 सदस्य शामिल होंगे, जिसमें राज्यसभा के 233 निर्वाचित सदस्य (पांच सीटें रिक्त हैं), राज्यसभा के 12 मनोनीत सदस्य और लोकसभा के 542 निर्वाचित सदस्य (एक सीट रिक्त है) शामिल हैं।
बता दें कि उपराष्ट्रपति रहे जगदीप धनखड़ ने अचानक अपनी खराब तबीयत का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया था। जिस दिन धनखड़ ने इस्तीफा दिया था, वह संसद के मानसून सत्र का पहला दिन था। इसके बाद इस मामले को लेकर जमकर राजनीति हुई। विपक्ष ने आरोप लगाया कि उनका इस्तीफा लिया गया है। वह बीजेपी से दुखी थी और बीजेपी के हस्तक्षेप से दुखी होकर उन्होंने इस्तीफा दे दिया। हालांकि उनके इस्तीफे के कारण अभी तक सामने नहीं आए हैं। बीजेपी और सरकार की चुप्पी की वजह से तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं थी ।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे ने देश की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। इस्तीफे के पीछे स्वास्थ्य कारणों के अलावा भीतरखाने की नाराजगी, असहमति और सरकार के साथ टकराव की बातें सामने आ रही हैं। राज्यसभा उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, थावरचंद गहलोत, हरदीप पुरी, ओम माथुर, एल. गणेशन और आरिफ मोहम्मद खान जैसे नाम नए उपराष्ट्रपति के लिए चर्चा में हैं।
जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया ट्वीट, “श्री जगदीप धनखड़ जी को भारत के उपराष्ट्रपति सहित विभिन्न पदों पर देश की सेवा करने के कई अवसर मिले हैं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।”

