breakingBusinessPunjab

रियल एस्टेट कारोबारी पर नकाबपोश बदमाशों ने की फायरिंग, बाल-बाल बचे धीरज शर्मा

1.NOVEMBER

MOHALI के एयरपोर्ट रोड पर शुक्रवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब दो नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने एक रियल एस्टेट कारोबारी की कार पर फायरिंग कर दी। गोलियां कारोबारी की कार के बंपर पर लगीं, लेकिन सौभाग्य से किसी को कोई चोट नहीं आई। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सन्नी एनक्लेव निवासी धीरज शर्मा, जो देसू माजरा रोड पर बालाजी एस्टेट नामक रियल एस्टेट कंपनी चलाते हैं, अपने दोस्त जसजीत सिंह के साथ आई-10 कार में पलहेड़ी गांव जा रहे थे। तभी सेक्टर-123 के पास बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं।

धीरज शर्मा ने बताया कि एक गोली उनकी कार की हेडलाइट के नीचे बंपर में लगी। उन्होंने झुककर अपनी जान बचाई और कार को आगे बढ़ा दिया। इस दौरान सड़क पर अन्य वाहनों के आने से बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मुलांपुर की ओर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और एक कारतूस का खोल बरामद किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और प्राथमिक जांच में मामला पुरानी रंजिश या धमकी से जुड़ा माना जा रहा है। आरोपी बदमाशों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *