Punjab

इंडिगो उड़ानें लगातार रद्द, अमृतसर एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी; सोनू सूद ने स्टाफ के समर्थन में की अपील

अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, राजासांसी पर इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानें लगातार चौथे दिन भी रद्द होने का सिलसिला जारी है। सुबह से दोपहर तक दिल्ली, हैदराबाद, अहमदाबाद और श्रीनगर की कई उड़ानें या तो रद्द रहीं या भारी देरी का सामना करना पड़ा। उड़ानों की इस अनिश्चितता का असर अंतरराष्ट्रीय सेवाओं पर भी दिखाई दिया। दोहा से आने वाली कतर एयरवेज की उड़ान, जिसे सुबह 2:40 बजे पहुंचना था, लगभग पौने दो घंटे देरी से लैंड हुई। वहीं दुबई से आने वाली सुबह 7:50 बजे की फ्लाइट भी करीब एक घंटे से अधिक देरी में रही और उसके लगभग 9 बजे पहुंचने की संभावना जताई गई।उड़ानों के लगातार रद्द होने से एयरपोर्ट पर हालात बस अड्डे जैसे बन गए हैं। यात्रियों में गुस्सा और बेचैनी साफ झलक रही है। सोशल मीडिया पर भी कई सेलेब्रिटी और आम यात्रियों ने इंडिगो की सेवाओं पर नाराजगी जताई है।इस बीच, बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद इंडिगो स्टाफ के समर्थन में आगे आए हैं। उन्होंने एक वीडियो संदेश साझा करते हुए कहा कि उड़ान में देरी होना निश्चित रूप से निराशाजनक है, लेकिन यात्रियों को उन कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील होना चाहिए जो संकट की इस घड़ी में अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। सोनू सूद ने बताया कि उनके अपने परिवार की उड़ान भी प्रभावित हुई, इसके बावजूद वे स्टाफ के प्रति धैर्य और सम्मान बनाए रखने की अपील करते हैं।अभिनेता ने कहा कि कर्मचारियों के पास भी उड़ान शेड्यूल को लेकर सीमित जानकारी होती है और वे सिर्फ उन्हीं निर्देशों को यात्रियों तक पहुंचाते हैं जो उन्हें ऊपर से दिए जाते हैं। इसलिए यात्रियों को उनके प्रति सहानुभूति और सहयोग दिखाना चाहिए।यह पहली बार नहीं है जब सोनू सूद ने इंडिगो स्टाफ का समर्थन किया है। इससे पहले भी, वर्ष 2024 में एक यात्री द्वारा पायलट पर हमला किए जाने की घटना पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए एयरलाइन क्रू की सुरक्षा का मुद्दा उठाया था।फिलहाल यात्रियों को उम्मीद है कि स्थिति जल्द सामान्य होगी और उड़ान सेवाएं फिर से सुचारू रूप से बहाल हो जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *