खालिस्तानियों ने सैन फ्रांसिस्को में भारतीय दूतावास में लगाई आग, अमेरिका ने की निंदा
वंदे भारत– पंजाब को खालिस्तान (Khalistan) बनाने की मांग करने वाले खालिस्तानी समर्थकों (Khalistani Supportes) ने अमेरिका में बीते रविवार की रात भारतीय दूतावास (Indian Consulate) में आग लगा दी। यह हमला कथित तौर पर खालिस्तानी समर्थकों द्वारा पांच महीने में वाणिज्य दूतावास पर किया गया दूसरा था। खालिस्तानी समर्थकों ने मार्च में भारतीय दूतावास में तोड़फोड़ की थी। अमेरिका ने सैन फ्रांसिस्को (San Francisco) में भारतीय दूतावास पर खालिस्तानियों द्वारा किए गए हमले पर नाराजगी जाहिर की है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, खालिस्तानी समर्थकों ने रात 1.30 से 2.30 बजे के बीच भारतीय दूतावास (Indian Consulate) में आग लगा दी, लेकिन सैन फ्रांसिस्को की फायर ब्रिगेड की टीम ने इसे तुरंत बुझा दिया था। हालांकि, घटना में कुछ ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है और ना ही कोई कर्मचारी घायल हुआ है। खालिस्तानी समर्थकों ने घटना के संबंध में एक वीडियों भी जारी किया है।

अमेरिका ने की कड़े शब्दों में निंदा
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर (Matthew Miller) ने कहा सैन फ्रांसिस्को में भारतीय दूतावास पर हुए हमले और आगजनी की कड़े शब्दों में निंदा करता है। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि विदेशी राजनियको या अमेरिका में राजनयिक सुविधा प्राप्त लोगों के खिलाफ हिंसा एक अपराध है।

मार्च में भी हुआ था हमला
बीते मार्च में जब पंजाब पुलिस ने भारत में अमृतपाल सिंह (Amritpal Singh) के लिए देशव्यापी तलाश अभियान शुरू किया था, तो खालिस्तानी समर्थकों ने सैन फ्रांसिस्को में भारतीय दूतावास में तोड़फोड़ की थी। इतना ही नहीं, पंजाबी गाने बजने के बीच भारी भीड़ द्वारा भारतीय दूतावास (Indian Consulate) पर हमला करने के कई वीडियो भी सामने आए थे। साथ ही, सैन फ्रांसिस्को में भवन के बाहर एक दीवार पर लिखा हुआ था कि फ्री अमृतपाल खालिस्तान समर्थक नारे लगा रहे प्रदर्शनकारियों ने दूतावास परिसर के अंदर दो खालिस्तानी बैनर लगाने के लिए बैरिकेडिंग को भी तोड़ दिया था। उन्होंने दरवाजे और खिड़कियों पर भी लोहे की छड़ों से हमला किया था।

