नड्डा से मिले जाखड़, दरबार साहिब में टेकेंगे माथा; आगे की रणनीति को लेकर की चर्चा
वंदे भारत- भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ ने बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में मिले। दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक बैठक भी हुई।वहीं, जाखड़ वीरवार 6 जुलाई को अमृतसर में दरबार साहिब, दुर्ग्याणा मंदिर और वाल्मीकि तीर्थ में माथा टेकेंगे।जाखड़ के साथ पार्टी के प्रदेश प्रभारी व गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी होंगे। जाखड़ और विजय रूपाणी दिल्ली से सीधा अमृतसर पहुंचेंगे और माथा टेकने के बाद वापस दिल्ली चले जाएंगे। वहीं, प्रधान बनने के 24 घंटे बाद पूर्व प्रधान अश्वनी शर्मा ने जाखड़ को बधाई दी।

जे पी नड्डा से की मुलाकात
पंजाब भाजपा का प्रधान बनने के बाद सुनील जाखड़ ने पार्टी के दिल्ली स्थिति मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से आधिकारिक रूप से मुलाकात की। इस दौरान करीब आधे घंटे तक दोनों नेताओं के बीच में चर्चा हुई। जानकारी के अनुसार इस बैठक के बीच नड्डा ने पंजाब को लेकर भाजपा की उम्मीदें व वर्तमान राजनीतिक हालातों पर चर्चा की। क्योंकि कांग्रेस से आकर भाजपा का प्रदेश प्रधान बनने पर न सिर्फ पार्टी के अंदर के हालातों में अंतर दिखाई दे रहा है।

वीरवार को जाएंगे दुर्ग्याणा मंदिर
वहीं, दूसरी पार्टियों में भी जाखड़ के प्रधान बनने की चर्चा है। जाखड़ के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ भी देर शाम तक मुलाकात करने की संभावना है। वहीं, पूर्व प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा ने सुनील जाखड़ के प्रधान बनने पर बधाई दी है। हालांकि यह बधाई पार्टी के फैसले के 24 घंटे बाद दी गई। जाखड़ प्रदेश प्रभारी विजय रूपाणी के साथ वीरवार को अमृतसर में दरबार साहिब, दुर्ग्याणा मंदिर वाल्मीकि तीर्थ में माथा टेकने के लिए पहुंचेंगे।

वापसी के बाद होगी जाखड़ की ताजपोशी
इस दौरान उनके साथ अमृतसर के नेता भी होंगे। दोनों ही नेता अमृतसर से वापस दिल्ली लौट जाएंगे क्योंकि 7 को भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक है। जाखड़ राष्ट्रीय कार्यकारिणी के भी सदस्य हैं। वहीं, माना जा रहा हैं कि 9 जुलाई के बाद ही जाखड़ चंडीगढ़ में अपना कामकाज संभालेंगे। जिसका मुख्य कारण बताया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत इन दिनों राजस्थान गए हुए हैं। उनके वापसी के बाद ही आधिकारिक रूप से जाखड़ की ताजपोशी होगी।
