Crime

करंसी कारोबारी से डेढ़ लाख रुपये की लूट, पुलिस ने दो आरोपितों को किया गिरफ्तार

वंदे भारत- सब-वे के वेटर व स्वीगी के डिलीवरी मैन ने दो साथियों की मदद से करंसी कारोबारी को लोहे का दांत दिखा कर डेढ़ लाख रुपये की नगदी लूट ली। थाना सराभा नगर पुलिस ने 48 घंटों के भीतर दोनों मास्टर माइंड बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 36,500 रुपये बरामद कर लिए।उनके दो अन्य साथियों की तलाश जारी है। आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर बुधवार उन्हें अदालत में पेश किया गया। जहां से रिमांड हासिल करने के बाद पूछताछ की जा रही है।
एएसआई बलवीर सिंह ने बताया कि उनकी पहचान फुलांवाल की विक्रमादित्य कालोनी गली नंबर 3 निवासी तरणप्रीत सिंह उर्फ तनु तथा न्यू अशोक नगर गली नंबर 6 निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गैरी के रूप में हुई। न्यू अशोक नगर गली नंबर 1 निवासी हरनेक सिंह उर्फ नेक तथा छावनी मोहल्ला निवासी हैप्पी उर्फ सोनू की पुलिस को तलाश है। पुलिस ने चंद्र नगर के आनंद नगर स्थित पप्पी शाहपुर कालोनी गली नंबर 1 निवासी रमेश सूद की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया।


बैग छीन की तीनों आरोपित हुए फरार
पीड़ित ने बताया कि वो दुकानों पर छोटे नोट की सप्लाई का काम करता है। 2 जुलाई को बैग में 1.60 लाख रुपये लेकर अपने स्कूटर पर सवार होकर निकला। एमबीडी माल स्थित सब-वे रेस्टोरेंट के मैनेजर रोहित चावला को 10-10 के नोट की 10 गड्डियां देने के बाद वो चला तो स्पलेंडर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। शाम 4:55 बजे बाड़ेवाल रोड से सुखमणि इंक्लेव मार्केट के पास उक्त आरोपितों ने उसे रोक लिया। लोहे का दांत दिखा कर रुपयों वाला बैग छीन की तीनों फरार हो गए। पड़ताल के दौरान सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।


ये हैं लूट के मास्टरमाइंड
बलवीर सिंह ने बताया कि तनु और गैरी इस लूट के मास्टरमाइंड हैं। तनु एमबीडी माल स्थित सब-वे में वेटर का काम करता है। जबकि गैरी स्वीगी व जोमेटो का डिलीवरी मैन है। दोनों को पता था कि रमेश सूद के पास हर समेत लाखों रुपये कैश होता है। इसलिए उन दोनों ने उसेलूटने की योजना बनाई। उसके लिए दोनों ने हरनेक तथा हैप्पी को अपने साथ मिला लिया।

अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही
घटना वाले दिन गैरी, नेक तथा हैप्पी ने वारदात को अंजाम दिया। सब-वे में जब रमेश सूद पेमेंट देकर निकला तो तनु ने उन तीनों को उसके बारे में फोन पर बता दिया। जिसके बाद तीनों ने वारदात को अंजाम दिया। बलवीर सिंह ने कहा कि फरार हुए अन्य दोनों आरोपितों की तलाश की जा रही है। बाकी की पेमेंट उनके ही पास है। उनकी गिरफ्तारी के बाद ही वो पेमेंट बरामद होगी।