अमृतसर में डॉक्टर को किया अगवा, छोड़ने के बदले मांगे पांच लाख, पुलिसकर्मी गिरफ्तार
वंदे भारत- पंजाब के अमृतसर में खुर्मनियां अड्डा से एक डॉक्टर का अपहरण कर फिरौती वसूलने का प्रयास किया गया। प्राइवेट डॉक्टर की प्रैक्टिस करने वाले जगजीत सिंह उर्फ बॉबी का अपहरण कर पांच लाख रुपये की परिवार से फिरौती मांगी।पीड़ित परिवार ने 70 हजार रुपये का प्रबंध कर उन्हें रंजीत एवेन्यू स्थित पासपोर्ट दफ्तर के पास आने को कहा। फिरौती लेने पहुंचने पर परिवार के लोगों ने शोर मचा दिया तो आरोपी डॉक्टर को वहीं छोड़ फरार हो गए। हालांकि इस दौरान एक आरोपी को काबू कर लिया, जो पंजाब पुलिस का मुलाजिम बताया जा रहा है।
स्थानीय निशान सिंह ने रंजीत एवेन्यू पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका जीजा खुर्मनियां गांव के अड्डे पर डॉक्टर के तौर पर प्रैक्टिस करता है। चार जुलाई की रात 9:30 बजे उसकी बहन कर्मजीत कौर उर्फ नीलू ने आकर बताया कि तीन अज्ञात लोगों ने 8:30 बजे उनके जीजा को अगवा कर लिया है।

निशान सिंह ने बताया कि उसने अपने मोबाइल फोन से जीजा जगजीत सिंह के मोबाइल पर फोन किया तो उसने बताया कि मुझे (डॉक्टर) तीन अज्ञात लोगों ने अगवा कर लिया है और उस पर नशे का कारोबार करने के आरोप लगा रहे हैं। आरोपी पांच लाख रुपये मांग रहे हैं। उन्होंने किसी तरह 70 हजार रुपये का प्रबंध कर आरोपियों को उसके जीजा समेत रंजीत एवेन्यू पासपोर्ट दफ्तर के पास आने को कहा।शिकायतकर्ता ने कहा कि जब वे पासपोर्ट दफ्तर के पास पहुंचे तो पाया कि वहां सफेद रंग की एक कार खड़ी थी, जिसमें तीन लोग उसके जीजा के साथ सवार थे। जब वे लोग 70 हजार रुपये लेने कार से बाहर निकले तो उन्होंने शोर मचा दिया तो आरोपी जीजा को छोड़ कर फरार हो गए। आरोपियों में से एक को काबू कर लिया है।
थाना प्रभारी अमनजोत कौर ने बताया कि पूछताछ के दौरान राम तीर्थ रोड स्थित गांव धोल कलां निवासी पुलिस कर्मचारी होशियार सिंह के रूप में हुई। इसके दो साथियों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। वहीं गिरफ्तार पुलिस कर्मी को न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल फताहपुर भेज दिया गया है।
