Political

बाजवा ने कैप्टन से मांगा हेलीकॉप्टर का किराया, कहा- 3.5 करोड़ है बकाया, अभी तक नहीं दिया

वंदे भारत- 2019 लोकसभा चुनाव में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस को शानदार जीत दिलाई और 13 में से 8 सीटें दिला दीं। उस समय उन्होंने एक निजी कंपनी से चॉपर किराये पर लेकर चुनाव के दौरान जमकर प्रचार भी किया लेकिन समय और परिस्थितियां बदलने के साथ ही गुरुवार को पंजाब कांग्रेस के सीनियर नेता ने भाजपाई हो चुके कैप्टन से चॉपर के किराये का हिसाब मांग लिया जोकि ब्याज समेत 3.50 करोड़ रुपये हो चुका है।

कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने एक ट्वीट कर आरोप लगाया कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एक चॉपर टैक्सी हायरिंग कंपनी के करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये नहीं दिए हैं। बाजवा ने लिखा कि 2.1 करोड़ रुपये की मूल राशि नहीं चुकाने के कारण यह बढ़कर 3.5 करोड़ हो गई है। कैप्टन अब भाजपा के सीनियर नेता हैं। अगर कैप्टन ने अपनी लंबित भुगतान की अदायगी नहीं की तो वह भाजपा नेतृत्व से इस संबंध में अपील करेंगे। अगर कैप्टन भुगतान नहीं कर रहे तो बकाया धनराशि भाजपा को देनी चाहिए।

बाजवा ने लिखा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने दोस्त लेफ्टिनेंट कर्नल अनिल राज की मदद से हेलिकॉप्टर टैक्सी हायरिंग कंपनी से हेलिकॉप्टर किराये पर लिया। कैप्टन ने 2019 के लोकसभा चुनाव में इसका इस्तेमाल किया लेकिन लेफ्टिनेंट कर्नल अनिल राज को हेलिकॉप्टर का किराया लेने के लिए चार साल से इंतजार करना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि इससे पहले पंजाब कांग्रेस के नेता लगातार मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सरकारी हेलिकॉप्टर के दुरुपयोग के आरोप लगाते रहे हैं। बाजवा ने गुरुवार को ऐसे ही मामले में अपनी पार्टी के पूर्व नेता (कैप्टन) को घेर लिया है। उन्होंने कहा कि कैप्टन ने हेलिकॉप्टर का प्रयोग किया है तो उसका किराया तो देना चाहिए। हालांकि प्रताप बाजवा यह भूल गए हैं कि कैप्टन ने उन्हीं (कांग्रेस) की पार्टी के लिए हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल किया था।

परनीत कौर को हटाने में देर हो गईः बाजवा

परनीत कौर के पति (कैप्टन) और बेटी (जयइंदर कौर) समेत परिवार के बाकी सदस्य भाजपा में हैं जबकि परनीत कौर अब तक कांग्रेस में हैं। बाजवा ने कहा कि कम से कम कोई नैतिकता की राजनीति तो करें। परनीत कौर को पार्टी से बाहर करने में कांग्रेस पहले से देरी कर चुकी है। करीब 8-10 दिन पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से पंजाब कांग्रेस के नेताओं की बैठक में चर्चा हुई थी कि अगर परनीत कौर खुद कांग्रेस नहीं छोड़ती हैं तो पार्टी उन्हें हाथ जोड़ दे।