Punjab

भारी बारिश के चलते इस राज्य में कई जगह स्कूल बंद, 5वीं, 8वीं की परीक्षाएं स्थगित

वंदे भारत-  दिल्ली एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में लगातार बारिश देखने को मिल रही है. इस वजह से आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है. परिस्थितियों के अनुसार अलग-अलग जिलों में स्थानीय प्रशासनों की ओर से स्कूल-कॉलेजों में छुट्टियां की जा रही हैं.

इधर पंजाब में भी मूसलाधार बारिश देखने को मिल रही है. जिस वजह से कई जिला प्रशासनों ने 10 जुलाई को स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है.

गौरतलब है कि 10 जुलाई को पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड, PSEB की ओर से 5वीं, 8वीं कक्षा के लिए री-अपीयर परीक्षा कराई जानी थी. लेकिन स्कूलों में छुट्टियां घोषित होने के कारण अब इन परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है. बोर्ड ने कहा है कि परीक्षा की नई तिथियां जल्द ही घोषित की जाएंगी. जानकारी के अनुसार आज 5वीं कक्षा के लिए पर्यावरण शिक्षा एवं 8वीं कक्षा के लिए साइंस विषय की परीक्षा होनी थी.

दिल्ली-एनसीआर में भी दी गईं छुट्टियां

इधर दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में भी पिछले 2 दिन से लगातार बारिश हो रही है. इस वजह से दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने राजधानी में 10 जुलाई को स्कूलों में छुट्टियां घोषित की हैं. वहीं गौतमबुद्ध नगर के डीएम ने भी 10 जुलाई को स्कूलों में छुट्टी का आदेश जारी किया है. गुरुग्राम जिला प्रशासन ने कॉर्पोरेट कार्यालय और संस्थानों से 10 जुलाई को कर्मचारियों से वर्क फ़्रॉम होम कराने को कहा है. वहीं ग़ाज़ियाबाद जिला प्रशासन ने 15 जुलाई तक ज़िले में स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है.