Punjab

पंजाब में बाढ़ से निपटने के लिए 33.50 करोड़ जारी, 14 NDRF की टीमें तैनात; कई शहरों में हालत गंभीर

वंदे भारत-राज्य में बाढ़ की स्थिती से निपटने के लिए आपदा राहत कोष से तत्काल 33.50 करोड़ रुपये जारी किये गये हैं। राज्य में किसी भी हालत से निपटने के एनडीआरएफ की 14 टीमें तैनात हैं।मोहाली, पटियाला, रूपनगर और संगरूर में कुछ जगहों पर हालत गंभीर है।

सिविल और पुलिस प्रशासन फील्ड में तैनात

मुख्य सचिव अनुराग वर्मा ने राज्य की हालत को लेकर संबंधित विभागों के प्रशासनिक सचिवों , जिलों डीसी, एसएसपी के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग से बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री के विशेष मुख्य सचिव ए वेणु प्रसाद, कार्यकारी डीजीपी गौरव यादव एवं सेना एवं एनडीआरएफ के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। मुख्य सचिव ने कहा कि जिलों का सिविल और पुलिस प्रशासन फील्ड में तैनात है।

जागरूकता की है जरूरत

उन्होंने कहा कि फील्ड अधिकारी जनप्रतिनिधियों और आम जनता से लगातार संपर्क बनाए रखें। उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति से निपटने के लिए धन की कोई कमी नहीं है। मुख्य सचिव ने कहा कि कम पानी वाले क्षेत्रों और बाढ़ संभावित क्षेत्रों से लोगों की सुरक्षित निकासी को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। लोगों को जागरूक किया जाना चाहिए। इसी प्रकार, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को जरूरत पड़ने पर भोजन के पैकेट तैयार करने के लिए कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग तैयार

इस कार्य के लिए धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के समन्वय से आवश्यक सरकारी धनराशि का उपयोग किया जाना चाहिए। विद्युत एवं दूरसंचार विभाग से अपनी सेवाओं की निर्बाध निरंतरता सुनिश्चित करने को कहा। जलापूर्ति विभाग लोगों को स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित करे। जल जनित बीमारियों से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयार रहे।

पशुओं को बीमारियों से बचाने के लिए इंतजाम

इस मौके पर उन्होंने क्लोरीन की गोलियों के लिए तत्काल धनराशि जारी करने को कहा। पशुपालन विभागों को पशुओं को बीमारियों से बचाने के लिए पहले से इंतजाम करने को कहा गया। ग्रामीण विकास और पंचायत तथा स्थानीय निकाय विभागों को अपने प्रतिनिधियों के साथ शहरों और गांवों में लोगों की मदद के लिए तैयार रहने के लिए कहा गया।

राज्य भर के जलाशयों की स्थिति की जानकारी

बैठक में सभी जिलों डीसी ने अपने अपने जिलों की स्थिति की जानकारी दी। यह है जलाशयों की स्थिति बैठक में जल स्रोत विभाग ने राज्य भर के जलाशयों की स्थिति की जानकारी दी। भाखड़ा बांध में जलस्तर 1614.89 फीट है जबकि क्षमता 1680 फीट है। इसी प्रकार पौंग बांध में जलस्तर 1350.63 फीट है जबकि क्षमता 1390 फीट है। रणजीत सागर बांध में जलस्तर 1706.26 फीट है जबकि क्षमता 1731.99 फीट है।