Punjab

कश्मीर में फिर आतंक फैलाने की साजिश, JKLF-हुर्रियत को जिंदा करने के लिए सीक्रेट बैठक का भंडाफोड़, पुलिस ने 10 को दबोचा

वंदे भारत- श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर पुलिस (Jammu & Kashmir Police) ने प्रतिबंधित संगठन जेकेएलएफ (JKLF) और हुर्रियत (Hurriyat) को फिर से जिंदा करने की साजिश रचने वाले 10 पूर्व आतंकवादियों को एक साथ 10 जुलाई को दबोचने में कामयाबी हासिल की है.
इन सभी को गिरफ्तार (Police Arrest 10 Ex-Terrorists) कर लिया गया है. श्रीनगर के कोठीबाग पुलिस स्टेशन में इन सभी पर गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (Unlawful Activities Prevention Act) की धारा 10, 13 और आईपीसी की धारा 121 ए के तहत मामला दर्ज किया गया है. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कहा कि इस पूरे मामले की जांच जारी और जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां होने की संभावना है.

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी लोग अपने पाकिस्तान स्थित आकाओं के निर्देशन में इन संगठनों को फिर से जिंदा करने की साजिश रच रहे थे. शुरुआती जांच से पता चला है कि वे विदेश में मौजूद संस्थाओं के संपर्क में थे. उनमें से कुछ ऐसे कई समूहों के सदस्य थे, जो फारूक सिद्दीकी और जेकेएलएफ के राजा मुजफ्फर की अध्यक्षता वाले कश्मीर ग्लोबल काउंसिल की तरह अलगाववाद का प्रचार करते हैं.
पुलिस ने कहा कि श्रीनगर के एक होटल में जेकेएलएफ के कुछ पूर्व समर्थकों और पूर्व अलगाववादियों की बैठक के बारे में विश्वसनीय जानकारी के आधार पर एक तलाशी ली गई. उन्हें पूछताछ के लिए कोठीबाग पुलिस स्टेशन लाया गया. पूछताछ के दौरान पहली नजर में यह पता चला है कि वे जेकेएलएफ और हुर्रियत को फिर से एक्टिव करने की साजिश रच रहे थे.


कश्मीर पुलिस ने इस संबंध में गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम की धारा 10,13 और आईपीसी की धारा 121-ए के तहत कोठीबाग थाने में एफआईआर संख्या 23/2023 दर्ज की है. जेकेएलएफ-हुर्रियत को फिर से जिंदा करने करने की इस साजिश के मामले में अब तक दस आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है. इस मामले में कुछ और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना है.