हरियाणा का पंजाब से संपर्क टूटा, अंबाला में हाईवे पर आया घग्गर का पानी, GT रोड बंद
कैथल में शाम छह बजे घग्गर का जल स्तर 140000 क्यूसेक है और 23.4 फुट पर पानी बह रहा है। 49814 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना है।भारी बारिश के कारण अंबाला में जीटी रोड बंद कर दिया गया है।
अंबाला में घग्गर का पानी हाईवे पर पहुंचा गया। इससे हरियाणा का पंजाब से संपर्क टूट गया है। वहीं मुलाना क्षेत्र में अलीपुर से धनौरा जा रहा बाइक सवार पानी में गिर गया। जिससे उसकी मौत होने की सूचना है। उधर यमुनानगर के उपमंडल बिलासपुर के गांव पिलखन वाला में बारिश के पानी में डूबने से 11 साल के बच्चे सावेज की मौत हो गई। गांव पिलखन वाला में सोमवार को बारिश का पानी सड़क तक आ गया था। पानी देखने के लिए गांव का ही राकिब अपने बेटे के साथ गया था। राकिब आगे जा रहा था और उसके पीछे उसका बेटा व अन्य बच्चे भी थे। जब वह खेतों की तरफ गए तो वहां पर पानी का कुंड बना हुआ था। जिसमें उसका बेटा गिर गया। जब तक अन्य बच्चों ने शोर मचाया तब तक वह डूब चुका था।

भारी बारिश व नदियों में उफान के चलते अंबाला में बने बाढ़ के हालात का असर रेलवे पर भी दिखाई दिया। सोमवार को कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर ही ट्रेन संख्या 12217 संपर्क क्रांति को रोकना पड़ा तो करीब 500 यात्री फंस गए। इन्हें बाद में मंजिल तक पहुंचाने के लिए रेलवे विभाग को ही सात बसें लगानी पड़ी। वहीं कईं अन्य ट्रेनें भी आगे नहीं बढ़ पाई तो रेलवे अधिकारी देर रात तक यात्रियों के लिए व्यवस्था बनाने में जुटे रहे। रेलवे स्टेशन पर यात्रिययों की भारी भीड़ जमा रही।
पानी ज्यादा होने के कारण लिया निर्णय : विनोद
कुरुक्षेत्र स्टेशन मास्टर विनोद कुमार ने बताया कि अंबाला से चंडीगढ़ रेलवे ट्रैक पर पानी ज्यादा होने के चलते रेलवे प्रशासन की ओर से ट्रेन को स्थगित किया गया हैं। वहीं चंडीगढ़ से आने वाली गाड़ियां भी स्थगित रहेगी। इसके अलावा दिल्ली से लुधियाना जाने वाली गाड़ियों को भी सिर्फ अंबाला तक जाने की अनुमति रेलवे प्रशासन की ओर से दी गई है।घग्गर नदी के लगातार बढ़ रहे जलस्तर के बीच गुहला के गांव टटियाणा में ग्रामीणों ने खेतों में पानी घुस जने के बाद शाम करीब पांच बजे कैथल-पटियाला हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पहुंचने के बाद मौके पर प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जब प्रशासन को इस बात की जानकारी थी कि नदी में जलस्तर बढ़ेगा तो पानी को रोकने के लिए प्रबंध क्यों नहीं किए। अभी तक जाम लगा है, प्रशासनिक अधिकारी लगातार ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।अंबाला में बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। शहर में जलभराव की स्थिति लगातार बनी हुई है। डीसी ऑफिस में पानी घुस गया है, वहीं नारनौल में भी बारिश का पानी दुकानों में घुस गया है।
अंबाला टांगरी में 8000 क्यूसिक पानी और आने को लेकर सिंचाई विभाग के अधिकारी ने आर्मी के अधिकारी के साथ राहत कार्य को लेकर चर्चा की। सिंचाई विभाग ने बांध टूटने की भी आशंका जताई है। साथ ही कहा कि अगर बांध टूटता है तो टांगरी का पानी कैंट की रिहायशी कॉलोनियों की तरफ मार करेगा तो भारी नुकसान हो सकता है। उधर उपायुक्त ने भी टांगरी के लोगों से पानी आने से पहले सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है।

उपायुक्त डॉ. शालीन ने घग्गर नदी, नरवाना ब्रांच, एसवाईएल व अंबाला शहर वाले क्षेत्रों का दौरा कर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आपदा प्रबंधन टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के चलते जिसे भी प्राकृतिक आपदा का सामना करना पड़ रहा है, उसके लिए जरूरी कदम उठाएं जाए।

हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन ने बारिश के चलते ग्रुप-सी भर्ती के लिए होने वाली शारीरिक माप परीक्षण को टाल दिया है। एचएसएससी के चेयरमैन भोपाल सिंह ने खदरी ने बताया कि जल्द ही नई डेट जारी की जाएगी।
भारी बारिश के कारण जमा हुए पानी में गाड़ियां डूब गई है। पानी इतना भरा है कि गाड़ियों के केवल छत नजर आ रही है।

अंबाला में हो रही मूसलाधार बारिश से घग्गर नदी का पानी लुधियाना हाईवे तक आ पहुंचा है।
