Punjab

डेराबस्सी में उतारनी पड़ी सेना, रात में संभाला मोर्चा, 70 लोगों को बाहर निकाला

वंदे भारत– पंजाब के मोहाली जिले के डेराबस्सी में स्थित गुलमोहर सिटी एक्सटेंशन में हालात बेकाबू होते देख रात को सेना ने मोर्चा संभाला लिया। इस दौरान 70 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। दो दिन से लगातार हो रही बारिश ने डेराबस्सी में तबाही मचा दी है।

सोसायटी की बेसमेंट के अलावा सड़कों पर 10-11 फुट तक पानी भर गया। लोगों के घरों में पानी भर गया। सैकड़ों वाहन डूब गए। अभी नुकसान का आकलन नहीं हो सका है। फ्लैटों में बिना बिजली-पानी लोगों की जान पर बन आई है।
ग्राउंड फ्लोर पर पानी भरा है और ऊपरी मंजिल के फ्लैटों में फंसे लोग मदद का इंतजार कर रहे थे। पानी बढ़ता देख सेना के जवानों ने लोगों को निकालने के लिए रात को बचाव अभियान शुरू किया जो सुबह तक जारी रहा। इस दौरान फ्लैटों में फंसे करीब 70 लोगों को सेना के जवानों ने नाव की मदद से बाहर निकाला। दोपहर तीन बजे तक सड़कों पर करीब ढाई फुट पानी भरा था। वहीं, जेनरेटर की मदद से बेसमेंट से पानी बाहर निकालने की कोशिश की जा रही थी। दोपहर तीन बजे तक पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी थी।

गुलमोहर सिटी पहुंचे राजा वड़िंग

उधर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग गुलमोहर सिटी एक्सटेंशन पहुंचे और हालात का जायजा लिया। वहीं, हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें इलाके में तैनात हैं। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्राकृतिक आपदा थी जो बीत गई।

पावरकॉम कर्मचारी भी ले रहे जायजा

पावरकॉम विभाग के कर्मचारी लगातार सोसायटी में जमा पानी का जायजा ले रहे हैं। जब तक पावरकॉम के उच्च अधिकारी संतुष्टि व्यक्त नहीं करेंगे तब तक सोसायटी में बिजली सप्लाई ठप रहेगी। पावरकॉम विभाग के कर्मचारी कोई जोखिम नहीं लेना चाहते हैं। पीछे जहां दीवार के पास बिजली सप्लाई के लिए ट्रांसफार्मर रखे गए थे। वहां दीवार टूटने से पानी घुस गया था। अब पावरकॉम की मंजूरी के बाद बिजली सप्लाई चालू की जाएगी|