देर रात फिर ओवरफ्लो हुआ बुड्ढा नाला, 300 झुग्गियां डूबीं, पुलिस चौकी और STP प्लांट में घुसा पानी
वंदे भारत- लुधियाना में बुड्ढा नाले ने प्रशासन और लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मंगलवार सुबह ओवरफ्लो होकर नाले का पानी सिटी बस स्टैंड में घुस गया था और वहां खड़ी सिटी बसें पानी में डूब गई। इसके बाद नाले पर अस्थायी बांध बनाए गए थे।देर रात पीछे से पानी ज्यादा आने के कारण अस्थायी बांध टूट गए और आसपास की करीब 300 झुग्गियां पानी में डूब गई। इसके अलावा ताजपुर रोड पर बनी पुलिस चौकी और एसटीपी प्लांट में भी पानी घुस गया। झुग्गियों के लोगों ने सड़क किनारे अपना डेरा जमा लिया है।

बुड्ढा नाले के आसपास रहने वाले लोगों की नींद उड़ी हुई है। जब तक पानी का लेवल कम नहीं होता परेशानी बनी रहेगी। मंगलवार दोपहर को बुड्ढा नाला से पानी बाहर आने की सूचना मिलते ही आम आदमी पार्टी के विधायक दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला भी दौरा करने पहुंचे थे। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मीटिंग की और कई निर्देश दिए।

वहीं पानी ओवरफ्लो होने से झुग्गियों में रहने वाले लोगों का सब्र का बांध टूट गया। झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले लोगों ने विधायक भोला के खिलाफ रोष जाहिर किया। लोगों का आरोप था कि पिछले पांच दिन से सड़क पर रात बितानी पड़ रही है। बच्चे भी सड़क पर सो रहे हैं। तेज रफ्तार चालक टक्कर मारकर निकल सकते हैं।

