Political

‘प्राकृतिक आपदा को AAP सरकार की लापरवाही ने बढ़ाया, बोले पंजाब BJP प्रधान सुनील जाखड़

वंदे भारत- भाजपा के प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ ने राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार पर आरोप लगाया है कि उसकी लापरवाही ने भारी बारिश की प्राकृतिक आपदा को और ज्यादा बढ़ाया है।
यह भगवंत मान सरकार की घोर लापरवाही और निकम्मापन रहा जिससे पंजाब में लोगों को जानमाल का नुकसान भुगतना पड़ा है।  सुनील जाखड़ ने कहा कि मौसम विभाग पहले से पंजाब में भारी बारिश का कभी ऑरेंज, कभी येलो तो आखिर में रेड अलर्ट तक जारी करता रहा मगर मुख्यमंत्री ने इस ओर से आंखें मूंदे रखी। जाखड़ ने कहा कि अलर्ट के बावजूद मुख्यमंत्री ने कोई अग्रिम प्रबंध करने के लिए बैठक तक नहीं बुलाई।


‘.. जब पंजाब पानी में डूब चुका था
पंजाब बीजेपी प्रधान ने कहा कि सरकार में मुख्य सचिव ने भी तब उच्चस्तरीय बैठक बुलाई जब पंजाब पानी में डूब चुका था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की 3 करोड़ पंजाबियों के प्रति भी जिम्मेदारी बनती थी, जिन्होंने उन्हें भारी बहुमत से मुख्यमंत्री बनाया है। मगर अफसोस की बात है कि भगवंत मान अपनी जिम्मेदारी भूल गए।


‘वह हरियाणा में वोट मांगने में जुटे रहे
सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब में लोग त्राहि-त्राहि कर रहे थे लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली, डेराबस्सी के आसपास पानी में फंसे लोगों के पास जाने की बजाय पंचकुला में अपने पार्टी कार्यक्रम में जाने को प्राथमिकता दी। वह हरियाणा में वोट मांगने के काम में जुटे रहे।
जाखड़ ने पंजाब सरकार से अपील की कि वह सूबे के किसानों को उनकी बर्बाद हुई फसलों के लिए तुरंत मुआवजा प्रदान करे। फिलहाल किसानों को प्रति एकड़ 20,000 रुपए का फौरी मुआवजा दिया जाए और इसके लिए गिरदावरी का इंतजार न किया जाए।