ओपी सोनी की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई पेशी, विजिलेंस को नहीं मिला रिमांड; 20 जुलाई तक भेजा जेल
वंदे भारत- Former Deputy CM OP Soni: अमृतसर विजिलेंस ब्यूरों की तरफ से आय से अधिक संपत्ति बनाने के आरोप में गिरफ्तार किए गए पूर्व उप मुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी को वीरवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अदालत में पेश किया गया। इस दौरान उनके वकीलों ने अदालत को उनकी सेहत खराब होने की जानकारी दी। विजिलेंस ने अदालत से रिमांड मांगने की कोशिश की, लेकिन उन्हें रिमांड नहीं मिल सका।
पूर्व डिप्टी सीएम का फोर्टिस में चल रहा इलाज
अदालत ने पूर्व उप मुख्यमंत्री ओपी सोनी को 20 जुलाई तक जेल भेज दिया गया है। फिलहाल अभी उनका फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा है। जब उनकी सेहत में सुधार होता है तो उन्हें वहां से जेल भेजा जा सकता है। उल्लेखनीय है कि विजिलेंस ब्यूरों की तरफ से रविवार को पूर्व उप मुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने का मामला दर्ज किया गया था।

पूर्व डिप्टी सीएम के पास आय से अधिक संपत्ति
विजिलेंस ब्यूरों के मुताबिक पूर्व उप मुख्यमंत्री ने वर्ष 2016 से लेकर वर्ष 2022 तक आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। एक अप्रैल 2016 से लेकर 31 मार्च 2022 तक कुल आय 4,52,18,771 रुपये थी, जबकि उनकी तरफ से खर्च 12,48,42,692 रुपये किया गया। सोनी की तरफ से किया गया यह खर्चा उनकी आय से अधिक 7,96,23,921 रुपये यानि 176.08 प्रतिशत अधिक था। सोनी ने अपनी पत्नी सुमन सोनी और बेटे राघव सोनी के नाम पर संपत्तिया बना रखी है।
छह महीने से जांच में जुटी है विजिलेंस ब्यूरों
विजिलेंस ब्यूरों पिछले छह महीने से उनकी संपत्तियों की जांच करने में जुटी हुई थी। उन्हें अदालत में पहले 10 तारीख को पेश किया गया था, जहां से उनका दो दिन का रिमांड मिला था। इसी दौरान उनकी तबीयत भी खराब हो गई थी। बुधवार को उनकी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पेशी हुई थी, जहां अदालत ने उनका एक दिन का रिमांड दिया था। वहीं वीरवार को भी उनकी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से ही पेशी की गई।

