Crime

फगवाड़ा में घर से दिनदहाड़े दंपती का अपहरण

वंदे भारत- शहर के स्वामी परम नगर से शुक्रवार दोपहर दंपती का कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया। अपहरण की सूचना दंपती के बाउंसरों ने थाना सिटी फगवाड़ा को दी।सूचना मिलने पर एसएचओ अमनदीप नाहर तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

थाना सिटी के एसएचओ अमनदीप नाहर व जांच अधिकारी सुखविंदर कुमार ने बताया कि उन्हें विवेक कुमार व बंटी कुमार दोनों निवासी दशमेश नगर जालंधर ने सूचना दी थी कि वे और अक्षय कुमार उर्फ आशू निवासी जालंधर कैंट, हैप्पी निवासी शेखुपुर जिला कपूरथला तथा ओमप्रकाश निवासी बडियाना बाउंसर के तौर पर फगवाड़ा के स्वामी परम नगर निवासी सोनू और उसकी पत्नी ज्योति को सुरक्षा प्रदान कर रहे हैं।

शुक्रवार को वह और उसका साथी बंटी कुमार घर पर सोनू तथा उसके पत्नी ज्योति के साथ ही मौजूद थे। करीब 12:30 बजे को सोनू से कुछ व्यक्ति मिलने के लिए आए, जिनमें से एक का नाम शमशेर सिंह निवासी बटाला, दूसरे का नाम तनवीर कुमार उर्फ तनु निवासी गुरदासपुर, एक बुजुर्ग व्यक्ति, एक बुजुर्ग महिला और 6 अज्ञात लोग थे। इस पर सोनू ने उसे और उसके साथी बंटी कुमार को कुछ खाने पीने का सामान लेने के लिए भेज दिया। उन्हें कहा कि जब वह फोन करेगा, तब ही वापस घर पर आएं।

वह फगवाड़ा के झटकइयां चौक पर मौजूद थे कि सोनू का फोन आया और उसके कहने पर वह सामन लेने लग पड़े। सामान लेने के बाद सोनू के फोन का इंतजार करने लगे। करीब 3:00 शाम को जब उन्होंने सोनू को फोन किया तो उन्होंने कॉल काट दी। 3:05 बजे जब दोबारा फोन किया तो फोन बंद आने लगा। वह तुरंत सोनू के घर पहुंचे और घर का दरवाजा खटखटाया, पर किसी ने जवाब नहीं दिया। जब दरवाजा खोलकर अंदर गए तो देखा कि सीढ़ियों में खून गिरा हुआ था तथा सोनू व उसकी पत्नी ज्योति घर में नहीं थे और घर का सारा सामान बिखरा हुआ था।

पुलिस के अनुसार सोनू खुद को डाॅक्टर बताता था और करीब चार माह पहले ही वह श्री हरगोबिंदरपुर से यहां पर किराये पर रहने के लिए आया था। अंदेशा है कि यह मामला पैसों के लेन-देन से जुड़ा हुआ है। एसएचओ अमनदीप नाहर ने कहा कि घर में लगे सीसीटीवी चेक किए जा रहे हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।