30 तक डीसी कर्मचारी यूनियन हड़ताल पर, अधर में लटकी 300 से ज्यादा रजिस्ट्रियां
वंदे भारत- रूपनगर में विधायक की तरफ से तहसील दफ्तर कर्मियों से दुर्व्यवहार का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। डीसी दफ्तर कर्मचारी यूनियन ने कलम छोड़ो हड़ताल को 30 जुलाई तक बढ़ा दिया है।बुधवार को तीसरे दिन भी तहसील परिसरों में जमीन रजिस्ट्री का कामकाज ठप रहा। बीते दिन में लगभग 300 से ज्यादा जमीन रजिस्ट्री नहीं होने से लाखों रुपये का राजस्व प्रभावित हो चुका है।

यूनियन प्रदेश प्रधान तेजिंदर सिंह नंगल ने कहाकि 18 जुलाई को रूपनगर विधायक अपने वालंटियरों के साथ तहसील दफ्तर गए थे। वहां पर कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करते कामकाज में विध्न डाला। अपने अधिकारों से बाहर जाते हुए फोन पर सरकारी दस्तावेज को अपने दफ्तर में मंगवाया। इंटरनेट मीडिया पर लाइव होकर बिना किसी पुख्ता सबूत से कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप जड़े गए।

उनके इस व्यवहार को लेकर डीसी कर्मचारी यूनियन पंजाब द्वारा 24 से 26 जुलाई तक कलम छोड़ो हड़ताल की गई है। बुधवार को रूपनगर जाकर विधायक के खिलाफ प्रदर्शन भी किया गया। इसके बाद भी विधायक द्वारा माफी नहीं मांगने पर यूनियन ने फैसला लिया कि प्रदेश में कलम छोड़ों हड़ताल 30 जुलाई तक जारी रहेगी। 28 जुलाई को जिलास्तर पर विधायक के पुतले फूंके जाएंगे। 30 जुलाई के बाद तीखे संघर्ष का ऐलान किया जाएगा। आम लोगों को होने वाली परेशानी के लिए विधायक जिम्मेदार होंगे।

