अवैध शराब बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश, बिजली चोरी कर आधुनिक तरीके से करता था मदिरा तैयार
वंदे भारत– लंबी क्षेत्र में थाना कबरवाला पुलिस व आबकारी विभाग की मलोट टीम ने संयुक्त रूप से छापामारी कर गांव डबवाली ढाब में एक घर में आधुनिक तरीके से बिजली भट्ठी व सामान से तैयार की जा रही अवैध शराब बरामद की है। वहीं एक आरोपित को भी गिरफ्तार किया गया है। छापामारी थाना प्रभारी सुखदेव सिंह ढिल्लो व आबकारी इंस्पेक्टर निर्मल सिंह, इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह संधू की अध्यक्षता में की गई।

अवैध शराब बनाकर बेचता था
थाना प्रभारी सुखदेव सिंह ढिल्लों ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि विशालदीप सिंह निवासी गुरूसर रोड ढाणी डबवाली ढाब भट्ठी लगा कर अवैध शराब तैयार कर बेचने का धंधा करता है। जिस पर उन्होंने उक्त व्यक्ति के गांव में छापामारी की। आरोपित द्वारा गांव में फैक्ट्री में बिजली के हीटरों व रेडिएटरों, पंखों व ड्रमों के साथ विभिन्न तीन भटि्ठयां व आधुनिक तरीके से अवैध शराब बनाई जा रही थी।

बिजली भी करता था चोरी
उक्त फैक्ट्री में से ड्रम, हीटर, रेडिएटर, सामान के अतिरिक्त तीन चालू भटि्ठयां, 1600 लीटर लाहन व 600 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। लाहन व शराब जहां ड्रमों में थी। वहीं, छह-छह बोतल अवैध शराब की प्लास्टिक की थैलियों में पैकिंग की हुई थी। जिनकी सप्लाई गांव गुरूसर, डबवाली ढाब पक्की सहित दर्जनों आस-पास के गांवों में करता था। सबसे बड़ी बात है कि दिन रात चल रही बिजली की भटि्ठयों के लिए बिजली भी चोरी करता था। पुलिस ने उक्त व्यक्ति को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
