राम मंदिर के लिए हाथ से तैयार हुआ 400 किलो का ताला, 4 फीट की है चाबी, भक्त ने खपाई पूरी कमाई
वंदे भारत- उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है. पहले तल का अधिकांश मंदिर परिसर तैयार होने को है और इसी बीच अलीगढ़ के एक बुजुर्ग कारीगर ने अयोध्या में राम मंदिर के लिए 400 किलोग्राम का ताला तैयार किया है.मंदिर जनवरी 2024 में भक्तों के लिए खुलने की उम्मीद है.भगवान राम के भक्त सत्य प्रकाश शर्मा, जो अपने हस्तनिर्मित ताले के लिए प्रसिद्ध हैं, उन्होंने दुनिया का सबसे बड़ा हस्तनिर्मित ताला बनाने के लिए महीनों तक कड़ी मेहनत की. यह विशाल ताला 10 फीट ऊंचा 4.5 फीट चौड़ा और 9.5 इंच मोटा है और 4 फीट लंबी चाबी से खुलता है. सत्य प्रकाश शर्मा ने इस ताले को बनाने में अपने जीवन भर की बचत का इस्तेमाल किया, क्योंकि इसका निर्माण करने में लगभग 2 लाख रुपये का खर्च आया.

पति-पत्नी ने मिलकर तैयार किया है ताला
उन्होंने कहा, ‘चूंकि मैं दशकों से ताला बनाने के व्यवसाय में हूं, इसलिए मैंने मंदिर के लिए एक विशाल ताला बनाने के बारे में सोचा है. क्योंकि हमारा शहर ताले के लिए जाना जाता है और इससे पहले किसी ने ऐसा कुछ नहीं किया है.’ उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए प्यार का श्रम था, जबकि मेरी पत्नी रुक्मणी ने भी इस काम में मेरी मदद की. सत्य प्रकाश शर्मा इस साल के अंत में राम मंदिर के अधिकारियों को अनोखा ताला उपहार में देने की योजना बना रहे हैं.
अलीगढ़ प्रदर्शनी में भी रखा गया था ये भव्य ताला
इस साल की शुरुआत में वार्षिक अलीगढ़ प्रदर्शनी में ताला प्रदर्शित किया गया था. शर्मा इस ताले में मामूली सुधार करने और इसे पूरी तरह से अंतिम रूप देने में लगे हैं. उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि यह एकदम सही हो. इस ताले के निर्माण पर राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अधिकारियों ने कहा कि उन्हें देखना होगा कि ताला कहां इस्तेमाल किया जा सकता है.

अयोध्या राम मंदिर में अभिषेक समारोह में रहेंगे पीएम मोदी
शर्मा ने कहा कि उनका परिवार एक सदी से अधिक समय से हस्तनिर्मित ताले बनाने में लगा हुआ है, जबकि वह 45 से अधिक वर्षों से इस व्यवसाय में शामिल थे. राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने शुक्रवार को कहा कि अयोध्या में राम मंदिर में अभिषेक समारोह अगले साल 21, 22 और 23 जनवरी को आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निमंत्रण भेजा जाएगा.
