Punjab

मंत्री कटारूचक्क अब पंचायती जमीन घोटाले में घिरे, करीब 100 एकड़ जमीन निजी लोगों को देने का आरोप

वंदे भारत- पंजाब के कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारूचक्क अब नए विवाद में घिर गए हैं। इस बार उन पर पठानकोट जिले में करीब 100 एकड़ पंचायती जमीन निजी लोगों के नाम ट्रांसफर कराने में अहम भूमिका निभाने का आरोप लगा है।


शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने जहां उनकी गिरफ्तारी की मांग की है, वहीं बुधवार को कांग्रेस के सीनियर नेता और नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कटारूचक्क के इस्तीफे और पूरे मामले की केंद्रीय एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

बाजवा ने एक समाचार रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि यह कटारूचक्क ही थे, जिन्होंने कथित तौर पर इस घोटाले में शामिल दागी डीडीपीओ कुलदीप सिंह को अतिरिक्त उपायुक्त पठानकोट के पद पर तैनात करने में मदद की। इसके लिए कटारूचक्क ने तत्कालीन ग्रामीण विकास और पंचायत मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल को एक अर्ध-सरकारी (डीओ) पत्र लिखा। इस तरह कुलदीप सिंह ने रिटायरमेंट से मात्र एक दिन पहले 734 कनाल 1 मरला शामलात जमीन (91.75 एकड़) निजी व्यक्तियों के हक में लिख दी।