नूंह हिंसा के दो आरोपियों का पुलिस ने किया एनकाउंटर, एक के पैर में लगी गोली
( वंदे भारत) हरियाणा पुलिस ने नूंह हिंसा के दो आरोपियों का एनकाउंटर किया है। पुलिस ने एक आरोपी के पैर में गोली मारी है। वह भागने की फिराक में था। फिलहाल घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती किया गया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस ने हिंसा के दो आरोपी मुनसैद और सैकूल को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए ही पुलिस को एनकाउंटर करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, सैकुल के पैर में गोली लगी है। उसका इलाज जारी है।

कैसे हुई हिंसा की शुरुआत
गौरतलब है कि हरियाणा के मेवात-नूंह में 31 जुलाई को बृजमंडल यात्रा निकाली गई थी। इस यात्रा पर पथराव शुरू हो गया। देखते ही देखते दो समुदायों के लोगों में हिंसा फैल गई। इस दौरान कई कारों को आग के हवाले कर दिया गया। साइबर थाने पर भी हमला हुआ। इस दौरान पुलिसकर्मियों को भी नहीं बख्शा गया। नूंह के बाद सोहना में भी हिंसा शुरू हो गई। यहां पर भी पथराव होने लगा। गाड़ियां जला दी गईं। इस हिंसा में 6 लोगों की मौत हो गई। इलाके में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं।
हालांकि हालात पर काबू पा लिया गया। इसके बाद बुलडोजर की कार्रवाई हुई। पुलिस ने तावडू रोहिंग्याओं और अवैध घुसपैठियों के अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलाया। उस होटल को भी गिरा दिया गया जहां से पथराव हुआ था। जांच में सामने आया है कि ये लोग हिंसा में शामिल थे। हालांकि बाद में पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट ने इस पर रोक लगा दी।
