corruption

जन्मदिन की पार्टी में सट्टेबाजों संग थिरके इंस्पेक्टर, वायरल वीडियो में दिखा जश्न, पांच लाइन हाजिर

मृतसर कमिश्नरेट पुलिस के पांच इंस्पेक्टरों को वाल्मीकि समाज के एक नेता की जन्मदिन की पार्टी में सट्टेबाजों के साथ नाचना भारी पड़ गया। इन पांच इंस्पेक्टरों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।पांच इंस्पेक्टरों का तबादला 18 दिन पहले हुई जन्मदिन की पार्टी के वायरल वीडियो के बाद हुआ है। वहीं दूसरी तरफ पावन वाल्मीकि तीर्थ एक्शन कमेटी ने इसे जातिवाद का मुद्दा बताते हुए सड़क पर उतरने की चेतावनी दी है।

गौर हो कि दो दिन पहले वाल्मीकि समाज के नेता कुमार दर्शन की जन्मदिन का वीडियो वायरल होने पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था। उस वीडियो में पुलिस जिला मजीठा के दो डीएसएपी और कमिश्नरेट पुलिस के करीब आधा दर्जन अधिकारी दिखाई दे रहे थे। इस वायरल वीडियो में देहात पुलिस जिला मजीठा के डीएसपी संजीव कुमार और प्रवेश चोपड़ा भी दिखाई दे रहे हैं। साथ ही सट्टेबाज भी दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद पुलिस कमिश्नर नौनिहाल सिंह ने कार्रवाई करते हुए पांच इंस्पेक्टरों को लाइन हाजिर कर दिया है।


लाइन हाजिर होने वालों में इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह, इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह, इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कल्याण, इंस्पेक्टर हरिंदर सिंह और इंस्पेक्टर नीरज कुमार के नाम शामिल हैं। हालांकि इससे पहले पुलिस कमिश्नर नौनिहाल सिंह ने आदेश जारी करते हुए कमिश्नरेट के 15 इंस्पेक्टरों तथा तीन सब-इंस्पेक्टरों के तबादले किए थे।

वहीं दूसरी तरफ वाल्मीकि समाज के कुमार दर्शन ने इसे लेकर दावा किया कि हमारे समाज को निशाना बनाया जा रहा है। उनके समाज के लोग तरक्की कर रहे हैं, तो कुछ लोगों को अच्छा नहीं लग रहा। कमल बोरी को लेकर कुमार दर्शन ने कहा कि वह तो कई पार्टियों में जाता है, लेकिन उन्हें कभी भी उजागर नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को पंजाब भर में लेकर जाएंगे और वाल्मीकि समाज के लोग इसके खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे।
पांच इंस्पेक्टरों को भेजा जिला से बाहर
डायरेक्टर जनरल पंजाब ने शुक्रवार देर शाम आर्डर जारी कर तीन इंस्पेक्टरों का तबादला पटियाला रेंज में, जबकि दो को बठिंडा पुलिस रेंज में भेज दिया है। डीजीपी दफ्तर की ओर से इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह, इंस्पेक्टर नीरज कुमार और इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह को कमिश्नरेट से पटियाला रेंज के जिला मलेरकोटला में तुरंत ज्वाइनिंग कर रिपोर्ट मांगी है। इंस्पेक्टर कल्याण तथा इंस्पेक्टर हरिंदर सिंह को बठिंडा रेंज के जिला मानसा में भेजा गया है।