फगवाड़ा के सिविल अस्पताल में इलाज करवाने आए व्यक्ति पर तेजधार हथियारों से हमला
फगवाड़ा: पंजाब में पिछले कुछ समय से सिविल अस्पताल में हाथापाई होने की घटनाएं सामने आ रही है। लगातार बढ़ रही यह घटनाएं चिंताजनक है, जो प्रशासन की कार्रगुजारी पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। ताजा मामला फगवाड़ा के सिविल अस्पताल से सामने आया है। जहाँ गांव पंडोरी में एक व्यक्ति को कुछ लोगों ने तेजधार हथियारों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल ने बताया कि वह पंडोरी गांव में किसी व्यक्ति से मिलने गया था, जहां उस पर हमला किया गया। परिजन उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए सिविल अस्पताल लेकर आए तो वहीं इलाज के दौरान हमलावर दोबारा वहां पहुंच गए और इमरजेंसी में घुसकर तेजधार हथियारों से दोबारा उस पर हमला कर दिया। जिससे घायल की हालत और ज्यादा नाजुक हो गई। घायल की पहचान बलालों गांव के निवासी दयाल चंद के रूप में हुई है।
इस मामले की जांच सिटी पुलिस द्वारा की जा रही है। थाना सदर के एसएचओ कमलजीत सिंह ने बताया कि पंडोरी गांव में हुए हमले के संबंध में पुलिस ने सोनू और उसके साथियों पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत 8 लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। इस संबंधी अस्पताल में इमरजेंसी स्टाफ का कहना है कि इमरजेंसी में सुरक्षा बढ़ाई जानी चाहिए। इस तरह की वारदात से अस्पताल स्टाफ को भी नुकसान पहुंच सकता है।

