मेडिकल स्टोर पर फायरिंग, एक युवक गंभीर रूप से घायल

1.NOVMBER
AMRITSAR : जिले के जंडियाला गुरु थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गहरी मंडी कस्बे में शनिवार शाम उस समय दहशत फैल गई जब अज्ञात हमलावरों ने एक मेडिकल स्टोर पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना राणा मेडिकल स्टोर पर हुई, जहां गोलीबारी में स्टोर पर काम करने वाला युवक साहिल उर्फ पम्मा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, दो अज्ञात युवक स्टोर के बाहर आए और अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। साहिल को दो गोलियां लगीं—एक कंधे पर और दूसरी कमर के पास। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

दुकान मालिक सुरजीत सिंह ने बताया कि घटना के समय वे अंदर दवा दे रहे थे, तभी बाहर से गोली चलने की आवाज आई। बाहर आकर देखा तो एक युवक पिस्तौल लेकर फायरिंग कर रहा था। उन्होंने कहा कि उनका किसी से कोई झगड़ा या रंजिश नहीं है।
पुलिस के अनुसार, दोनों हमलावर बिना नकाब के थे और तीन फायर किए गए। फिलहाल किसी फिरौती या दुश्मनी की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी है और हमलावरों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी है।

