news

फ्री बस सफर की असलियत जानने पंजाब रोडवेज में चढ़ी AAP नेत्री, हुई दुर्व्यवहार की शिकार

फ्री बस सफर की असलियत जानने पंजाब रोडवेज में चढ़ी AAP नेत्री
हुई दुर्व्यवहार की शिकार

वंदे भारत- ( आकांक्षा श्रीवास्तव ) आम आदमी पार्टी की महिला विंग महासचिव के साथ पंजाब रोडवेज की बस में दुर्व्यवहार हुआ है। जिसके बाद पंजाब रोडवेज मुलाजिमों ने उसकी वीडियो अपने पंजाब रोडवेज के पेज पर डाल दीं।  महिला विंग महासचिव नीतू वोहरा ने अब इसकी शिकायत पुलिस कमिश्नर कुलदीप सिंह चहल से की है।

उसका कहना है कि महिलाओं द्वारा बार बार शिकायत दी जा रही थी कि फ्री बस सेवा के दौरान उनके साथ बुरा व्यवहार किया जाता है और इसकी जांच करने पहुंची तो उनके साथ ही दुर्व्यवहार हुआ है। उनकी तरफ से रोडवेज मुलजिमों के खिलाफ आईटी एक्ट और उसके साथ दुर्व्यवहार करने वाले व्यक्ति के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है।

बस में सवार हुई थी AAP नेत्री

बता दें कि नीतू वोहरा अपनी एक महिला साथी के साथ चंडीगढ़ रोड के समराला चौक से चंडीगढ़ के लिए सफर करने के लिए सवार हुई थीं। जैसे ही वह बस पर चढ़ने लगीं तो चालक ने बस चला ली। वह किसी तरह से गिरने से बचीं। जैसे ही बस में सवार हुईं तो बस का चालक और कंडक्टर उन्हें बुरा भला बोलने लगे। इसके बाद जब उसने इसका विरोध किया तो बस में बैठे पुरुष भी उसके साथ दुर्व्यवहार कर रहे थे।

फौरन इंटरनेट पर डाली गई वीडियो

इसी दौरान ही इस विवाद की वीडियो पंजाब रोडवेज के मुलाजिमों ने इंटरनेट मीडिया फेसबुक के उनके पेज पर डाल दी। जिसे अब तक 15 लाख लोग देख चुके हैं। यही नहीं इस वीडियो में उसका नंबर भी बोला गया था और यह नंबर भी वायरल हो गया है। उनका कहना है कि ऐसा कर पंजाब रोडवेज मुलाजिमों ने उसकी निजता को जनतक किया है और इस पर कार्रवाई होनी चाहिए। महिला आप नेता का कहना है कि वह यह मुद्दा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और ट्रांसपोर्ट मंत्री के समक्ष भी उठाएंगीं।

एक दिन में 15 लाख लोगों ने देखी वीडियो

पंजाब रोडवेज के पेज पर डाली गई इस वीडियो को 15 लाख से भी ज्यादा लोग देख चुके हैं। इस वीडियो पर 4500 कमेंट हो चुके हैं। बहुत से कमेंट महिला के पक्ष में हैं और विरोध में भी हैं। ज्यादातर महिलाएं उसके पक्ष में कमेंट कर रही हैं। यही नहीं इस वीडियो को 36 हजार लाइक मिल चुके हैं। यही कारण है कि महिला द्वारा अब इसकी पुलिस शिकायत की गई है।

 

पंजाब में निशुल्क महिलाओं का सफर, रोजाना सामने आती विवाद की वीडियो

बता दें कि पंजाब सरकार द्वारा सरकारी बसों में महिलाओं के लिए सफर निशुल्क किया हुआ है। महिलाएं आधार कार्ड लेकर बस में सफर करती हैं और इस दौरान उनका बस के कंडक्टरों के साथ विवाद रहता है। जिसकी अकसर वीडियो सामने आती रहती हैं। महिलाओं का यह भी आरोप रहता है कि बस में चढ़ने के दौरान उन्हें गरीब और कंजूस बोलकर बेइज्जत किया जाता है और बस में बैठने के लिए सीट भी नहीं दी जाती है।

शिकायत मिली है जरूर कार्रवाई होगी

पुलिस कमिश्नर कुलदीप सिंह चहल का कहना है कि इस संबंधी उनके पास शिकायत आई है और वह इस अधिकारियों से जांच करवा रहे हैं। हमें फेसबुक का लिंक और वीडियो भी मुहैया करवाई गई है। इस पर बनती कार्रवाई जरूर की जाएगी।