आप विधायक रमन अरोड़ा और नगर निगम ATP सुखदेव वशिष्ठ को जमानत
जालंधर। नगर निगम के भ्रष्टाचार कांड में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी (आप) के जालंधर सेंट्रल से विधायक रमन अरोड़ा और नगर निगम के असिस्टेंट टाउन प्लानर (ATP) सुखदेव वशिष्ठ को अदालत से जमानत मिल गई है।
गौरतलब है कि इस मामले में सबसे पहले नगर निगम के ATP सुखदेव वशिष्ठ को गिरफ्तार किया गया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद 23 मई को विजिलेंस टीम ने जालंधर सेंट्रल विधानसभा सीट से आप विधायक रमन अरोड़ा के घर पर करीब आठ घंटे तक छापेमारी की थी। इस दौरान टीम को उनके घर से 1.5 किलो सोना बरामद हुआ था। इसके बाद विजिलेंस ने रमन अरोड़ा को भ्रष्टाचार और फर्जी नोटिस जारी करने के मामले में गिरफ्तार कर लिया था। करीब तीन महीने जेल में बिताने के बाद बुधवार को अदालत ने दोनों को जमानत दे दी।

