आरटीआई एक्टिविस्ट पर गोली चलाने वाला आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने पिस्तौल सहित एक कारतूस भी किया बरामद
जालंधर के मॉडल टाउन में जिम के पास गोली चलाने के मामले पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि 1 जुलाई की शाम जिम के पास नो एग्जिट रोड मॉडल टाउन में एडवोकेट सिमरजीत सिंह को मारने की नीयत से फायर करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 पिस्टल 32 बोर सहित 1 रौंद बरामद किया है।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित सिमरजीत सिंह ने शिकायत दी थी कि वह रोजाना जिम में जाता है। ऐसे में उस दिन भी वह रोजाना की तरह शाम को जिम ऑफ ग्रिड के पास करीब 9:15 बजे गाड़ी में बैठ रहे थे, तभी 2 से 3 अज्ञात व्यक्तियों ने उन पर मारने की नीयत से फायर करने की कोशिश की। घटना के उसने जिम के अंदर भागकर अपनी जान बचाई। पीड़ित की शिकायत के आधार पर 2 जुलाई को थाना डिविजन नंबर 6 में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
मुकदमे की जांच के दौरान दिनांक 23 जुलाई को सीआईए स्टाफ एवं थाना डिविजन नंबर 6 कमिश्नरेट जलंधर की टीमों ने गुप्त सूचना के आधार पर 27 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 27 वर्षीय भूपिंदर सिंह उर्फ भिंदा निवासी जिला एस.बी.एस. नगर के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से 1 पिस्टल 32 बोर सहित 1 रौंद बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि मुकदमे में 2 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करना बाकी है। उन्होंने बताया कि आरोपी भूपिंदर सिंह उर्फ भिंदा के खिलाफ पहले भी मुकदमा नंबर 67/16 के तहत धारा 25-54-59 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत थाना बंगा में दर्ज है।

