CrimeIndianews

बहन के प्रेमी की हत्या कर युवक ने थाने में किया सरेंडर

वन्दे भारत 24 : मुंबई। मालवणी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 21 वर्षीय युवक ने अपनी बहन के प्रेमी की लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी सीधे मालवणी पुलिस स्टेशन पहुंचा और अपराध स्वीकार करते हुए सरेंडर कर दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 40 वर्षीय नितिन सोलंकी के रूप में हुई है, जो एक अस्पताल में केयरटेकर का काम करता था। सोलंकी के आरोपी की बहन से संबंध थे। आरोप है कि हाल ही में सोलंकी ने आरोपी की मां और बहन के चरित्र को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की थी। इसी बात को लेकर विवाद गहराया।

शनिवार रात करीब 10:30 बजे आरोपी आशीष शेट्टी (21) जोगेश्वरी में सोलंकी से मिला। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद अगली सुबह आशीष उसे मालवणी ले आया और कृष्णा आश्रम, कोलीवाड़ा, रामेश्वर गली स्थित एक कमरे में ले गया। वहां गुस्से में आकर उसने लकड़ी के डंडे से सोलंकी पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची मालवणी पुलिस ने सोलंकी को शताब्दी अस्पताल (कांदिवली) ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लकड़ी बरामद कर ली है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी आशीष शेट्टी ने थाने पहुंचकर हत्या की बात कबूल की। उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और कोर्ट ने उसे 11 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *