breakingCrimeJalandharPunjab

जालंधर: विजय ज्वैलर्स लूटकांड के तीनों आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

जालंधर, 3 नवंबर — जालंधर में 30 अक्टूबर को भार्गव कैंप स्थित विजय ज्वैलर्स में हुई सनसनीखेज लूटकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने सोमवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि इस मामले में शामिल तीनों आरोपियों को राजस्थान के अजमेर से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान करण, कुशल और गगन के रूप में हुई है।

सीपी धनप्रीत कौर ने बताया कि लूट के बाद अपराधियों की धरपकड़ के लिए एडीसीपी-2 और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम ने टेक्निकल सर्विलांस और इनपुट्स के आधार पर राजस्थान में रेड की, जिसके बाद तीनों आरोपी दबोचे गए। उन्होंने बताया कि आरोपियों का क्रिमिनल रिकॉर्ड पहले से मौजूद है और यह गैंग संगठित तरीके से लूट की वारदातों को अंजाम देता रहा है।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि आरोपियों से लूटी गई ज्वैलरी और नकदी की बरामदगी की जा रही है। साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियारों को भी जल्द बरामद कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस टीम आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर जालंधर लेकर आ रही है ताकि आगे की पूछताछ की जा सके।

उन्होंने यह भी बताया कि राजस्थान में जिन व्यक्तियों ने इन आरोपियों को पनाह दी या रुकने की जगह उपलब्ध करवाई, उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से न सिर्फ विजय ज्वैलर्स लूटकांड का समाधान हुआ है, बल्कि शहर में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के खिलाफ भी बड़ा संदेश गया है।

जालंधर पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि क्या उन्होंने अन्य जिलों में भी कोई वारदात की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *