पंजाब विजिलेंस ब्यूरो द्वारा शाहकोट में तैनात कानूनगो को रिश्वत लेते हुए किया गिरफ्तार
वन्दे भारत 24 : राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंजाब विजिलेंस ब्यूरो (वीबी) ने मंगलवार को शाहकोट, जिला जालंधर में तैनात कानूनगो जतिंदर सिंह को 2,000 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
विजिलेंस ब्यूरो के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि यह मामला लुधियाना निवासी की ओर से मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पर दर्ज कराई गई ऑनलाइन शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उक्त कानूनगो ने उसके पारिवारिक सदस्य की जमीन की म्युटेशन दर्ज करने के बदले 6,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी। सत्यापन के दौरान यह पाया गया कि आरोपी ने वास्तव में 6,000 रुपये की मांग की थी और 2,000 रुपये रिश्वत के रूप में ले लिए थे।
प्रवक्ता ने आगे बताया कि जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए गए। इसके आधार पर आरोपी कानूनगो के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को कल संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा और मामले की आगे की जांच जारी है।

