छापा मारने पहुंची पंजाब पुलिस के एएसआई को ग्रामीणों ने बनाया बंधक
वंदे भारत-जिला के गांव सांझी तरफ में रविवार सुबह साढ़े तीन बजे शराब तस्करी के शक में छापा मारने पहुंचे पंजाब की पठानकोट पुलिस के एएसआई सहित 3 कर्मचारियों को ग्रामीणों ने घेर लिया.इस दौरान किसी तरह 2 कर्मचारी भागने में सफल रहे, लेकिन एएसआई को ग्रामीणों ने बंधक बनाकर कमरे में बंद कर दिया। बंधक बनाए गए एएसआई ओमप्रकाश को साढ़े तीन घंटे बाद 7 बजे के करीब पठानकोट और नगरी पुलिस ने मुक्त करवाया। जबकि पुलिसकर्मी नंदलाल और प्रेमनाथ पहले ही भाग निकले थे।
वहीं, ग्रामीणों ने पठानकोट पुलिस के कर्मचारियों पर मारपीट करने, महिलाओं से बदसलूकी, घर में बिना वारंट तलाशी और हाथापाई करने के आरोप लगाए। ग्रामीणों ने एसएसपी कठुआ शिवदीप सिंह जम्वाल की कोठी जाकर पठानकोट पुलिस के कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग रखी। इसके बाद लोग थाना कठुआ पहुंचे और थाना प्रभारी सुधीर सडौत्रा को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। वहीं, कठुआ पुलिस ने पठानकोट पुलिस से रिपोर्ट मांगी है और मामले की जांच पूरी होने पर कार्रवाई की बात कही है। गांव सांझी तरफ की रहने वाली महिला स्वर्णा देवी ने बताया कि वह सो रहे थे। इसी दौरान सुबह साढ़े तीन बजे के करीब किसी ने उनका दरवाजा खटखटकाया। उन्होंने दरवाजा खोला तो पुलिस सामने थी। महिला ने बताया कि घर में उनका छोटा बेटा और बाकी परिवार की महिलाएं थीं। पुलिस वालों ने उन्हें बताया कि वह थाना नरोट जैमल सिंह से आए हैं। महिला ने कहा कि पुलिस कर्मचारियों ने पहले पानी मांगा और फिर घर में तलाशी लेनी शुरु कर दी। उनसे कारण पूछा तो नहीं बताया। बेटे ने उन्हें ऐसा करने पर विरोध जताया तो कर्मचारियों ने उस पर हमला कर दिया। इसी दौरान शोर सुनकर पड़ोसी भी पहुंचे। महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस कर्मियों ने घर की महिलाओं के साथ बदसलूकी और मारपीट भी की। लोग इकट्ठा हुए देख पुलिस कर्मियों ने भागने का प्रयास किया। 2 कर्मी भाग गए। लेकिन, एक को हमने पकड़ लिया।

लाठी, मोबाइल और पगड़ी छोड़ भागे पुलिस जवान
स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस कर्मचारी अपने मोबाइल, टॉर्च, लाठी और पगड़ी छोड़ भाग खड़े हुए। स्वर्णा ने बताया कि एएसआई को पकड़ने के तुरंत बाद पीसीआर को फोन कर जानकारी दी थी, लेकिन कोई नहीं पहुंचा। सुबह 6 बजे पठानकोट से बस भर कर कमांडो पुलिस वहां पहुंच गई। उसके बाद पहुंची नगरी पुलिस बंधक बनाए गए एएसआई को छुड़ाकर ले गई। लोगों ने कहा कि पठानकोट पुलिस के कर्मचारियों ने उनसे मारपीट की और घर में सारा सामान बिखेर दिया। आरोप लगाया कि पठानकोट पुलिस के कर्मचारियों ने उन्हें जान से मारने की धमकियां दीं। उन्होंने कहा कि उनका घर खेत में है, जिससे वह डर गए थे।
-पंजाब पुलिस के कर्मचारी यहां क्या करने आए थे, यह वही बता सकते हैं। फिलहाल रिपोर्ट मांगी गई है। वहीं, लोगों की शिकायत के आधार पर जांच शुरु कर दी है। पुलिस कर्मचारी को पठानकोट पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी। …इंस्पेक्टर सुधीर सडौत्रा, थाना प्रभारी, कठुआ

पंजाब में पुलिस पर हमला करने के आरोप में चार गांववासी नामजद
एसएसपी पठानकोट हरकमलप्रीत सिंह खख ने बताया कि पुलिस पार्टी शराब तस्करों की तलाश में आरोपियों के घर गई थी और जैसे ही उनका दरवाजा खटखटाया तो परिवार ने उनपर हमल कर दिया। इस दौरान एक एएसआई को बंधक बना लिया। थाना नरोट जैमल सिंह ने चार लोगों के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.पठानकोट पुलिस को अगर कठुआ के अधिकार क्षेत्र में छापा मारना था तो पहले कठुआ पुलिस को सूचित करना प्रोटोकॉल का हिस्सा था। लेकिन पठानकोट पुलिस ने बिना किसी सूचना के छापेमारी की है। इसके संबंध में संबंधित थाने के एसएचओ ने पंजाब पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। कठुआ पुलिस अपने स्तर पर जांच करेगी। उसमें जो तथ्य सामने आएंगे उस बाबत कार्रवाई की जाएगी। – शिवदीप सिंह जमवाल, एसएसपी कठुआ
