news

पंजाब में बठिंडा सबसे ठंडा, लुधियाना में टूटा 54 साल का रिकॉर्ड, घने कोहरे से अभी राहत नहीं

पंजाब में बठिंडा सबसे ठंडा, लुधियाना में टूटा 54 साल का रिकॉर्ड,
घने कोहरे से अभी राहत नहीं

वंदे भारत- पंजाब में फिलहाल घने कोहरे से राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए भी अलर्ट जारी कर दिया है। इसके तहत पंजाब में कुछ जगहों पर घने कोहरे के साथ-साथ दिन पहले की तरह ही ठंडे बने रहेंगे और शीतलहर भी चलेगी। सोमवार को भी धूप नहीं निकली। पंजाब के न्यूनतम तापमान में 0.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। चार डिग्री के साथ बठिंडा सबसे ठंडा रहा। वहीं, लुधियाना में ठंड का पिछले 54 साल का रिकॉर्ड टूट गया। मौसम विभाग के मुताबिक लुधियाना में 22 जनवरी वाला दिन 54 सालों में पहली बार सबसे ठंडा रहा है।

यहां 22 जनवरी को दिन का अधिकतम तापमान 9.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पीएयू के मौसम विभाग की प्रमुख डॉ. पवनीत कौर किंगरा का कहना है कि पिछले 54 सालों में 22 जनवरी को कभी इतनी ठंड नहीं हुई। वहीं, अमृतसर का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री, लुधियाना का 5.6 डिग्री (सामान्य से 0.5 डिग्री नीचे), पटियाला का 5.8 (सामान्य से 0.6 डिग्री नीचे), पठानकोट का 7.7, फरीदकोट का 5.0, एसबीएस नगर का 5.0, गुरदासपुर का 4.5 डिग्री दर्ज किया गया।

वहीं, पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री की मामूली वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि, यह सामान्य से 7.7 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। सबसे अधिक 12.2 डिग्री पारा बरनाला व मोगा का दर्ज किया गया। इसके अलावा अमृतसर का पारा 11.2 डिग्री (सामान्य से 6.6 डिग्री नीचे), लुधियाना का 9.4 (सामान्य से 09 डिग्री नीचे), पटियाला का 10.6 डिग्री (7.8 डिग्री नीचे), पठानकोट का 10.2 डिग्री, बठिंडा का 11.4, गुरदासपुर का 8.4, एसबीएस नगर का 8.0 डिग्री दर्ज किया गया।