26 परिवारों को भूल गया बीसीसीआई: ऐशान्या द्विवेदी”
शहीद शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशान्या ने बीसीसीआई से पूछा सवाल
नई दिल्ली।
एशिया कप 2025 में 14 सितंबर को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर राजनीति और क्रिकेट जगत में गर्माहट बढ़ गई है। पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशान्या द्विवेदी ने इस मैच पर तीखा विरोध जताते हुए कहा कि बीसीसीआई को पाकिस्तान से मुकाबला स्वीकार ही नहीं करना चाहिए था।
ऐशान्या का कहना है कि पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार ने साफ कहा था कि पाकिस्तान से किसी भी तरह का संबंध नहीं रखा जाएगा, न ही क्रिकेट खेला जाएगा। “लेकिन बीसीसीआई ने इसका भी रास्ता निकाल लिया। यह मैच दुबई में रखा गया है और कहा जा रहा है कि भारत सीधे पाकिस्तान से नहीं बल्कि एशिया कप में खेल रहा है,” उन्होंने कहा।
“26 परिवारों को भूल गया बीसीसीआई”
ऐशान्या ने दुख जताया कि पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए 26 परिवारों को भुला दिया गया है। “बीसीसीआई उन परिवारों के प्रति संवेदनशील नहीं है। मैं हमारे क्रिकेटरों से पूछना चाहती हूं कि वे पाकिस्तान से खेलने को तैयार क्यों हुए? क्या उनके लिए शहादत का कोई मतलब नहीं?”
क्रिकेटरों और स्पॉन्सर्स पर भी उठाए सवाल
ऐशान्या ने कहा कि क्रिकेटरों को देश के लिए खड़ा होना चाहिए। “बीसीसीआई उन्हें बंदूक की नोक पर खेलने को मजबूर नहीं कर सकता। फिर भी सिर्फ 1-2 क्रिकेटरों को छोड़कर किसी ने विरोध नहीं किया। क्या मैच के प्रायोजकों और प्रसारकों की 26 परिवारों के प्रति कोई जिम्मेदारी नहीं है?”

