जालंधर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रैवल एजेंट हत्याकांड के आरोपी को किया गिरफ्तार
वंदे भारत-(हर्ष शर्मा) मस्जिद चौक के नजदीक चार हथियारबंद युवकों की ओर से ट्रैवल एजेंट बंटी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
डीएसपी सब डिवीजन हरप्रीत सिंह ने बताया कि आरोपी दिल्ली में छिपा हुआ था। इसको पुलिस टीम ने दिल्ली से काबू कर लिया। आरोपी को मंगलवार को माननीय अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी। बाकी तीन आरोपियों की की पहचान कर ली गई है, जिन्हें भी जल्दी काबू कर लिया जायगा।
डीएसपी के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद चारों फरार हो गए थे। आईटी सेल के इंचार्ज चरणजीत सिंह की टेक्निकल टीम की मदद से आरोपियों के दिल्ली में छिपे होने का पता लगा। इसके बाद टीम ने आरोपी पार्थ निवासी जालंधर को दिल्ली के लाजपत नगर क्षेत्र से दबोच लिया। यह अपने किसी परिचित के घर छिपा हुआ था। आरोपी पार्थ ने पूछताछ में बताया है कि बंटी के साथी गांव तलवंडी चौधरियां निवासी ट्रैवल सहित कुछ अन्य जेंटों ने मिलकर विदेश भेजने के नाम पर उससे लाखों रुपये की ठगी की है, जिसमें उसका घर तक बिक गया। एक एजेंट ने उसे कथित गलत तरीके से विदेश भेज दिया, इसके बाद उसे डिपोर्ट कर दिया गया। डीएसपी हरप्रीत सिंह ने बताया कि अन्य आरोपी लुकेश कुमार चिंकी निवासी शेखूपुर कपूरथला, बिल्ला निवासी जालंधर और चीकू निवासी जालंधर को भी जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।

21 फरवरी की शाम लगभग 5.45 बजे मस्जिद चौक के नजदीक 4 हथियारबंद युवकों ने ट्रेवल एजेंट हरप्रीत सिंह उर्फ बंटी निवासी गोल्डन एवेन्यू कपूरथला को तेजधार हथियारों से हमला कर गंभीर घायल कर दिया था। जिसे जख्मी हालत में मौके पर मौजूद उसके साथियों की ओर से सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां पर ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था। वहीं, पुलिस ने मृतक की पत्नी ममता के बयान पर एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। 22 फरवरी को तीन डॉक्टरों के बोर्ड ने बंटी के शव का पोस्टमार्टम कर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया और 25 फरवरी को बाद दोपहर मंसूरवाल दोनां स्थित श्मशान घाट में उसका अंतिम संस्कार किया गया।
