breakingNATIONALPolitical

गुजरात में बड़ा सियासी उलटफेर: सीएम भूपेंद्र पटेल को छोड़ सभी मंत्रियों ने दिया इस्तीफा

सीएम भूपेंद्र पटेल को मिला फुल पावर, टीम होगी नई

गांधीनगर, 16 अक्टूबर — गुजरात की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में सभी मंत्रियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। बताया जा रहा है कि यह फैसला केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर लिया गया है। मुख्यमंत्री के निवास पर हुई इस अहम बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में मंत्रियों ने अपने-अपने त्यागपत्र सीएम भूपेंद्र पटेल को सौंपे।

सूत्रों के अनुसार, गुजरात में शुक्रवार सुबह 11:30 बजे राज्य के नए मंत्रिमंडल का विस्तार कार्यक्रम गांधीनगर के महात्मा मंदिर में आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा भी मौजूद रहेंगे।

माना जा रहा है कि बीजेपी आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए राज्य में नई ऊर्जा और संतुलन लाने के उद्देश्य से यह फेरबदल कर रही है। इस्तीफे सौंपने के बाद मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल राज्यपाल को औपचारिक रूप से मंत्रियों के त्यागपत्र प्रस्तुत करेंगे।

इस राजनीतिक घटनाक्रम ने गुजरात की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है, और अब सबकी निगाहें नए मंत्रिमंडल के चेहरों पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *