news

पंजाब में अवैध खनन पर बड़ा खुलासा, इंटेलिजेंस की रिपोर्ट-अफसरों की पूरी मिलीभगत, विपक्ष हमलावर

वंदे भारत(हर्ष शर्मा) पंजाब में अवैध माइनिंग व खनन पर इंटेजिलेंस ने पंजाब डीजीपी को एक रिपोर्ट सौंपी है। इसमें खुलासा हुआ है कि जिन अधिकारियों पर अवैध खनन रोकने का जिम्मा है, वे ही अपने-अपने क्षेत्र में खनन करवा रहे हैं।

इसमें एसडीओ रैंक तक के अधिकारी भी शामिल हैं।

दरअसल, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रिपोर्ट तैयार करने के आदेश जारी किए थे। इस पर इंटेलिजेंस ने तरनतारन, पठानकोट, गुरदासपुर, जालंधर और होशियारपुर को लेकर मौजूदा हालात पर रिपोर्ट बनाई है। रिपोर्ट सामने आने के बाद कांग्रेस के सुखपाल सिंह खैरा ने कहा कि सीएम भगवंत मान ने कई बार यह दावा किया है कि प्रदेश में अवैध माइनिंग पूरी तरह बंद हो चुकी है, लेकिन इंटेलिजेंस की रिपोर्ट कुछ और ही बयान कर रही है।

इंटेलिजेंस की रिपोर्ट में यह आया सामने
तरनतारन: नदी के किनारे घर बनाकर रहना शुरू किया
जिले के थाना वैरोवाल के अंतर्गत गांव भलाईपुर के रहने वाले कालू गुजर ने ब्यास नदी के किनारे घर बनाकर रहना शुरू कर दिया है। रात के समय वह ब्यास नदी से अवैध माइनिंग व खनन करते हुए रेत निकालता है। इसी तरह श्रीगोइंदवाल में गांव धुंदा में फकीर सिंह और काकू सिंह ब्यास नदी में से अवैध ढंग से रेत निकालते हैं।

पठानकोट: एरिया एसडीओ के साथ मिलकर अवैध माइनिंग
थाना शाहपुरकंडी के गांव मनवाल में संदीप सिंह उर्फ कालू अवैध माइनिंग करता है। बड़ी बात यह कि खुद इंटेलिजेंस ने रिपोर्ट में यह बात कबूल की है कि आरोपी संदीप सिंह माइनिंग विभाग पठानकोट के अफसरों की मिलीभगत से यह अवैध काम करता है। सुजानपुर में गांव छनी में आरोपी शमशेर सिंह एरिया एसडीओ के साथ मिलकर अवैध माइनिंग करता है। शाहपुरकंडी के पंगोली में राकेश सिंह उर्फ रिंकू माइनिंग विभाग पठानकोट के एसडीओ के साथ मिलकर यह माइनिंग कर रहा है। इसी तरह पठानकोट में शिवा स्टोन क्रशर एसपी स्टोन क्रशर के मालिक रात के समय माइनिंग करते हैं, इसमें एसडीओ भी शामिल है। इसके अलावा श्रीओम स्टोन क्रशर, ठाकुर स्टोन क्रशर और बाबा बुड्ढा स्टोन क्रशर सरकारी पर्ची पर अवैध माइनिंग करते हैं।

गुरदासपुर: रात के समय हो रहा खनन
रिपोर्ट के अनुसार काहनूवान के गांव बेरी थाना के अंतर्गत पंचायती सदस्य ही पंचायत की 150 एकड़ जमीन पर अवैध माइनिंग करते हैं। रसण कंदरा, मनजीत सिंह और केवल सिंह ब्यास नदी से रात के समय अवैध माइनिंग करते हैं।

जालंधर, होशियारपुर: 150 एकड़ जमीन से निकाल रहे रेत-बजरी
जालंधर में सतलुज नदी के किनारे स्थित गांव सियानी का जोगिंदर सिंह अपनी जमीन में अवैध माइनिंग का कारोबार चलाता है। होशियारपुर में पिंड हंदवाल, उलाहा, चक्कमीरपुर, चंगड़वां, सथवां और पट्टी में शाही स्टोन क्रेशर, वशिष्ट स्टोन क्रशर, न्यू गोल्डन, बाला जी और भारत स्टोन क्रशर के संचालक 100 से 150 एकड़ जमीन पर अवैध ढंग से माइनिंग कर रहे हैं। इसी तरह गांव जंडोर में लाल हुसैन अवैध माइनिंग करता है।