Political

BJD ने बिगाड़ा केजरीवाल का गणित, अध्यादेश का किया समर्थन, राज्यसभा में भी पास हो जाएगा बिल!

वंदे भारत– दिल्ली अध्यादेश को लेकर अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) का खेल बिगड़ गया है। बीजेपी के पास लोकसभा में भले ही बहुमत है, लेकिन उनके पास राज्यसभा में बहुमत नहीं था, ऐसे में केजरीवाल को उम्मीद थी कि राज्यसभा में अध्यादेश बिल के खिलाफ उनकी जीत हो सकती है, लेकिन ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक (CM Naveen Patnaik) की पार्टी बीजेडी ने अरविंद केजरीवाल का सारा कैलकुलेशन ही बिगाड़ दिया है।  मंगलवार को जब इस बिल को लोकसभा में पेश किया गया, तो बीजेडी पार्टी ने अध्यादेश का समर्थन कर दिया।

जानें बीजेडी के पास कुल कितने सांसद

बता दें कि बीजेडी एक बड़ी पार्टी है। लोकसभा में बीजेडी के पास 12 सांसद हैं, जबकि राज्यसभा में भी उसके पास कुल 9 सांसद हैं। ऐसे में लोकसभा में तो यह बिल पास हो हो जाता, लेकिन राज्यसभा में बीजेपी के पास बहुमत नहीं होने के कारण पेंच फंस सकता था, लेकिन अब बीजेडी ने एनडीए को लोकसभा में समर्थन कर केजरीवाल का सारा गणित ही बिगाड़ दिया है। बीजेडी ने लोकसभा में एनडीए का समर्थन किया इससे साफ है कि वह राज्यसभा में भी उनका समर्थन करेगी। ऐसे में एनडीए के लिए राज्यसभा में भी अध्यादेश संबंधित बिल पास कराने का रास्ता साफ हो गया है।

संविधान के तहत लाया गया अध्यादेश- शाह

मंगलवार को दिल्ली अध्यादेश संबंधित बिल को लोकसभा में पेश किया गया। बिल पेश होते ही सदन में हंगामा शुरू हो गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिल को लेकर कहा कि इसे संविधान के तहत लाया गया है। हमारे संविधान ने इस सदन को संपूर्ण सत्ता दी है। हमारे पास दिल्ली में कानून बनाने का पूरा अधिकार है। शाह ने आगे कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने अपने फैसले के पैरा 6, 95 और 164 एफ में स्पष्ट कर दिया है कि संसद दिल्ली संघ राज्य क्षेत्र के लिए कोई भी कानून बना सकता है।