breaking

भाजपा सासंद हंसराज हंस पर धांधली के आरोप, लाल बादशाह दरबार नकोदर के सेवादार ने दी शिकायत

वंदे भारतजालंधर के कस्बा नकोदर स्थित बापू लाल बादशाह दरगाह के सेवादार ने दरगाह के गद्दनशीन व दिल्ली पश्चिमी से भाजपा सांसद हंस राज हंस और नकोदर विधायक इंद्रजीत कौर पर धांधली के आरोप लगाए हैं। इसकी शिकायत एसएसपी जालंधर मुखविंदर सिंह भुल्लर से की गई है।

डेरा बाबा अलमस्त बापू लाल बादशाह दरगाह के 20 साल पुराने सेवादार कुंदन साईं निवासी अशोक विहार, नकोदर ने कहा कि हंस राज हंस ने कमेटी के फंड्स का दुरुपयोग किया है। कुंदन साईं के साथ साथ हरि मित्तल, पुरुषोत्तम लाल बिट्टू निवासी मोहल्ला ऋषि नगर, टिम्मी गिल, टिम्पल गिल निवासी मोहल्ला मितले भी शामिल थे। हंस राज हंस की आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है और उन्होंने फोन नहीं उठाया है।

वार्ता में कुंदन साईं ने आरोप लगाया है कि डेरे के नाम पर सोना भी खरीदा गया है। मगर, डेरे में आजतक कभी सोना नहीं चढ़ाया गया और न ही कहीं देखा गया है। ये फर्जीवाड़ा हलका विधायक बीबी इंद्रजीत कौर मान की छत्रछाया में हो रहा है।

कुंदन साईं ने आरोप लगाते हुए कहा कि बड़ी धांधली तब सामने आई जब 21 मई 2022 को राजस्थान की एक फर्म के नाम का करीब 14.18 लाख रुपये बिल बना था। उस बिल को तीन दिन बाद 23.13 लाख रुपये बना दिया गया। जिसमें सीधी सीधी नौ लाख रुपये की धांधली की गई। ये बिल कमेटी के रिकॉर्ड में भी दर्ज है। ऐसे कई बिल हैं, जिसमें धांधली के साफ सबूत हैं। कुंदन साईं ने कहा- शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। कुंदन साईं ने आरोप लगाए हैं कि कुछ लोग स्वयं समिति के सदस्य बन गए हैं। अपनी मर्जी से दरगाह में अलग-अलग तरीकों से धोखाधड़ी की जा रही है।

विधायक बोली-सभी आरोप निराधार
वहीं नकोदर की विधायक इंदरजीत कौर ने कहा कि उन पर लगे सभी आरोप गलत हैं। मैं दरगाह में माथा टेकने जाती हूं तो वहां का प्रसाद लेकर जरूर खाया है। मैं दरगाह को अगर कुछ दे नहीं सकती तो उससे लेने का मुझे कोई अधिकार नहीं है। मैंने कभी दरगाह की एक सिक्का तक नहीं लिया, सोना तो दूर की बात है। बाहर से सदस्य लाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कमेटी के चुनाव पूरी तरह से पारदर्शी तरीके से हुए थे उन्होंने किसी को सहयोग नहीं दिया।