CBI ने जालंधर के पुलिस कमिश्नर कुलदीप चाहल से की पूछताछ , करीब 4 घंटे तक चली पूछताछ
वंदे भारत– पुलिस कमिश्नर कुलदीप चाहल से जुड़ी बेहद अहम खबर सामने आई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक आज चंडीगढ़ के सी.बी.आई. दफ्तर में पुलिस कमिश्नर कुलदीप चाहल पेश हुए जहां पर उनसे करीब चार घंटे तक सवाल-जवाब किए गए और अब पुलिस कमिश्नर कुलदीप चाहल से सी.बी.आई. की पूछताछ खत्म हो चुकी है। दरअसल, चंडीगढ़ के एस.एस.पी. रहते हुए अलग-अलग मामलों में जांच हेतु चाहल से ये पूछताछ की गई। गौरतलब है कि कुलदीप चाहल को एस.एस.पी. चंडीगढ़ रहते हुए उनके कार्यकाल से पूर्व ही हटा कर पंजाब भेज दिया गया था।

बता दें कि पंजाब के गवर्नर को उनकी अनुशासनहीनता की शिकायतें मिल रही थीं। बताया जा रहा है कि पुलिस कमिश्नर कुलदीप चाहल ने अपने कार्यकाल के दौरान कई चीज़ों का गलत इस्तेमाल किया था और कई तरह के गलत केस बनाने के भी उन पर आरोप लग चुके हैं हालांकि इन सभी आरोपों की पुष्टि नहीं हो पाई है।

ज़िक्रयोग्य है कि सी.बी.आई. द्वारा चाहल से इस मामले में करीब चार से पांच महीने की इन्वेस्टिगेशन के बाद पूछताछ की गई। वहीं दूसरी ओर कुलदीप चाहल की प्रॉपर्टी को लेकर भी जांच की जा रही है। अब आने वाले समय में इस मामले में क्या कार्रवाई होती है ये तो भविष्य के गर्भ में है।

