चंडीगढ़-मनाली हाईवे बंद ,कुल्लू में फंसे हुए 6 हजार से ज्यादा वाहनों को निकाला, दोनों लिंक रोड बहाल
वंदे भारत-हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बीते दो दिन से मौसम (Weather) साफ होने से काफी राहत मिली. मौसम का साथ मिलते ही सड़कों को तुरंत प्रभाव से ठीक करते हुए अब गाडियों को दनादन करके निकाला जा रहा है.अब तक कुल्लू की तरफ फंसे 6 हजार से ज्यादा वाहनों को निकाल लिया गया. यह वाहन मंडी से कुल्लू (Kullu) वाया पंडोह और वाया कटौला मार्ग से होकर निकाले गए हैं. इस बात की जानकारी एसपी मंडी ने दी एसपी मंडी सौम्या सांबशिवन ने बताया कि मंडी से कुल्लू वाया कटौला मार्ग जो कनौज के पास बंद हो गया था, उसे छोटे वाहनों के लिए दोतरफा यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है.

इस सड़क पर कुल्लू और मंडी की तरफ फंसे हुए 2500 वाहनों को निकाल लिया गया है. यहां पर अब छोटे वाहनों की दोतरफा मूवमेंट सुचारू कर दी गई है. इसमें छोटे लोडिड मालवाहक वाहनों का आवागमन भी शामिल है
वहीं, दूसरी तरफ पंडोह डैम के पास बनाए गए अस्थायी मार्ग से अभी तक 3500 से ज्यादा छोटे-बड़े वाहनों को गुजारा गया है. इसमें ज्यादातर वो ट्रक शामिल हैं जो सामान लेकर जा रहे थे और अभी तक फंसे हुए थे. अब कोई भी ट्रक नहीं फंसा हुआ है. जो बड़े ट्राले हैं, उन्हें ही अभी तक रोका गया हैइसके अलावा पंडोह के पास आने और जाने के के लिए 10- 10 घंटों का समय निर्धारित किया गया है.

रात 12 बजे से सुबह 10 बजे तक पंडोह से कुल्लू की तरफ ट्रेफिक छोड़ा जा रहा है जबकि दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक कैंचीमोड़ से पंडोह की तरफ ट्रैफिक छोड़ा जा रहा है. मंडी से पंडोह भी एकतरफा यातायात सुचारू है.पुलिस ने डैहर से लेकर बजौरा तक ट्रैफिक को मैनेज करने के लिए 180 से ज्यादा पुलिस जवानों को तैनात किया है. इनमें मंडी जिला पुलिस, थर्ड बटालियन, बनगढ़, पीटीसी डरोह से आए जवान और होमगार्ड के जवान शामिल हैं. पुलिस ने जगह-जगह नाकेबंदी की है ताकि वाहनों को वहीं पर रोककर क्षमता के अनुसार आगे भेजा जा सके.
