Punjab

उत्तराखंड के नंदानगर में बादल फटा: एक शव बरामद, 12 लोग लापता

चमोली।
ज़िले की घाट तहसील के नंदानगर क्षेत्र में बुधवार रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। पुलिस-प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत व बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

घटना में अब तक एक शव बरामद हुआ है जबकि 12 लोग लापता बताए जा रहे हैं। दो लोगों को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। सबसे अधिक प्रभावित गांव कुंतरी है, जहां आठ लोग लापता हैं और 15 से 20 भवनों व गौशालाओं को नुकसान पहुंचा है।

रात करीब तीन बजे तेज बारिश के बीच घरों पर मलबा आ गिरा। दो महिलाओं और एक बच्चे को पुलिस व डीडीआरएफ की टीमों ने मलबे से सुरक्षित निकाला। क्षेत्र के कुंतरी और धुरमा गांव से कुल 10 लोगों के लापता होने की सूचना है।

भारी बारिश और बिजली गिरने से फाली लगा कुंतरी, कुंतरी, धुरमा और सेरा गांवों के कई मकान मलबे में दब गए। पेट्रोल पंप और पुराना बाजार को जोड़ने वाला पुल भी बह गया है। बारिश इतनी तेज थी कि लोग रात में अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।

कई गौशालाएं और पशु भी बह गए। आसपास के गांवों में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई सड़कों पर आवाजाही ठप है और संपर्क टूट गया है।

नंदानगर के सालूबगड़ और लांखी क्षेत्र में भी मकानों को खतरा बना हुआ है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं। मेडिकल टीमें व एंबुलेंस भी भेजी जा चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *