news

”दंगल” की छोटी बबीता फोगाट का 19 साल की उम्र में निधन, सुहानी भटनागर की मौत से लोग हैरान

वंदे भारत-(हर्ष) फिल्म इंडस्ट्री से एक झकझोर कर देने वाली खबर सामने आ रही है। आमिर खान की फिल्म ‘दंगल’ में छोटी बबीता फोगाट का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस सुहानी भटनागर ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है।

19 साल की छोटी सी उम्र में उनका निधन हो गया है। ‘दंगल गर्ल’ की मौत की खबर से इंडस्ट्री में सभी हैरान हो गए हैं। इतनी कम उम्र में दुनिया छोड़ने से उनके माता-पिता सदमे में हैं। अभी तो उन्होंने अपना करियर शुरु ही किया था कि उनके फैंस और परिवार ने उन्हें खो दिया।

दंगल गर्ल’ सुहानी भटनागर का निधन

आपको बता दें कि ‘दंगल’ में सुहानी भटनागर ने आमिर खान की बेटी बबीता फोगाट के बचपन का रोल निभाया था। चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में स्क्रीन पर उन्हें काफी पसंद किया। अभी उनकी उम्र ही क्या थी। महज 19 साल की उम्र में उनके निधन से उनकी फैमिली सदमे में हैं। सुहानी के मौत का कारण उनके शरीर में जमा होने वाला फ्लूइड कहा जा रहा है। दरअसल एक्ट्रेस का कुछ दिन पहले एक एक्सिडेंट गया था, जिसमें उनके पैर में काफी चोट आई। इसके इलाज में एक्ट्रेस ने जो दवाईयां खाईं उसके साइड इफेक्ट की वजह उनके शरीर में एक तरल पदार्थ इकट्ठा होने लगा। इसके बाद सुहानी काफी दिनों से दिल्ली स्थित एम्स में भी एडमिट रहीं। लेकिन वह अपनी जिंदगी की जंग हार गई।

पढ़ाई पूरी करने के लिए लिया था ब्रेक

आपको बता दें कि ‘दंगल’ के बाद सुहानी भटनागर को कई दूसरी फिल्मों से भी ऑफर आए थे। यहां तक कि उन्होंने विज्ञापनों में भी काम किया लेकिन उन्होंने एक्टिंग से ब्रेक लेने का फैसला किया क्योंकि वह अपनी पढ़ाई पर फोकस करना चाहती थीं। सुहानी को लोगों ने बचपन में ही देखा था ऐसे में उनके बदले हुए लुक और ट्रांसफॉर्मेशन की तस्वीर देख लोग हैरान हो गए थे।