SHO पर जानलेवा हमला: गाड़ी पर गोली मारी, धमकियों के बाद बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो मिली थी।

वंदे भारत(हर्ष शर्मा) पंजाब में मोहाली के मटौर थाने के SHO पर रोपड़ में जानलेवा हमला हुआ है। SHO गब्बर सिंह रोपड़ अपने घर जा रहे थे। इससे पहले भी उन्हें धमकी दी गई थी, जिस वजह से सरकार ने उन्हें बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो दी थी। इंस्पेक्टर गब्बर सिंह पहले रोपड़ CIA में तैनात थे। वहां तैनाती के दौरान से ही उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। फिलहाल उनकी ड्यूटी मोहाली सिटी-1 के थाना मटौर में बतौर थाना प्रभारी थी। रात करीब 2:30 बजे गब्बर सिंह अपने घर रोपड़ जा रहे थे। रास्ते में गाड़ी पर ड्राइवर साइड से गोली चली। इससे गाड़ी के शीशे टूट गए। इस मामले में कुराली के पास सिंह भगवंतपुरा थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस के अधिकारी इस मामले में कुछ नहीं कह रहे हैं।
बुलेट प्रूफ गाड़ी में चलते थे गब्बर सिंह
इंस्पेक्टर गब्बर सिंह को पीछे कुछ बदमाशों से मिली धमकी के बाद एक बुलेट प्रूफ स्कॉर्पियो गाड़ी दी गई थी। वह अपनी इस बुलेट प्रूफ गाड़ी में चलते थे। इस हमले में उनका और उनके गनमैन का बचाव हो गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है, लेकिन अभी तक पुलिस को इस मामले में कोई सुराग हाथ नहीं लगे हैं।

