दिल्ली हाईकोर्ट को बम धमकी, परिसर खाली कराया गया

नई दिल्ली, 12 सितम्बर
दिल्ली हाईकोर्ट को शुक्रवार सुबह ईमेल के ज़रिये तीन बम रखने की धमकी मिली, जिसके बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। सुरक्षात्मक कदम उठाते हुए न्यायाधीशों, वकीलों और कर्मचारियों को तुरंत कोर्ट परिसर खाली कराने का निर्देश दिया गया।
सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुँच गए। परिसर में गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। ईमेल में दावा किया गया है कि कोर्ट के अंदर तीन विस्फोटक रखे गए हैं और चेतावनी दी गई है कि दोपहर 2 बजे तक जगह खाली कर दी जाए।
दिल्ली पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और धमकी की सच्चाई की जाँच की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कोर्ट परिसर और आसपास के इलाक़ों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
इस धमकी के बाद से न्यायिक और प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हुआ है। अब तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

