Political

दिल्ली अध्यादेश बिल राज्यसभा में भी हुआ पास, ‘INDIA’ गठबंधन को बड़ा झटका

वंदे भारत– दिल्ली अध्यादेश संबंधित बिल राज्यसभा (Rajya Sabha) में भी पास हो गया है। इससे आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) समेत सभी विपक्षी दलों को भारी झटका लगा है। आज यानी सोमवार को इस बिल को राज्यसभा में पेश किया गया था। बिल पेश करते ही विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। इस बिल को लेकर 6 घंटे तक राज्यसभा में बहस चली। पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने एक दूसरे पर जमकर कटाक्ष किया। कई बार सदन में हंगामे की शोर बढ़ने लगी थी। आखिरकार इस बिल को राज्यसभा में भी पास कर दिया गया है।

जानें पक्ष और विपक्ष में कितने वोट पड़े

बता दें कि राज्यसभा में कुल 233 सांसदों ने वोट किए हैं। जिनमें से केंद्र सरकार और दिल्ली अध्यादेश के पक्ष में कुल 131 वोट पड़े हैं, जबकि विपक्ष और अध्यादेश बिल के खिलाफ कुल 102 वोट पड़े हैं। इस तरह अध्यादेश की इस लड़ाई में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल (CM Arvind Kejriwal) को हार का सामना करना पड़ा है। इस बिल के पास होने से केजरीवाल सरकार (Kejriwal government) को काफी बड़ा झटका लगा है। बिल पास होते ही दिल्ली अध्यादेश अब कानून में बदल गया है। दिल्ली में अधिकारियों के ट्रांसफर और नियुक्ती की जिम्मेदारी दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना (LG VK Saxena) के पास चली गई है।

अमित शाह ने वोटिंग पर जताई आपत्ति

बता दें कि राज्यसभा में वोटिंग शुरू होते ही काफी हंगामा होने लगा। बीजद सांसद सस्मित पात्रा और भाजपा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि उन्होंने आप सांसद राघव चड्ढा द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं। इस पर अमित शाह ने कहा कि यह जांच का विषय है कि प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कैसे हुए।