breaking

DSP दिलप्रीत सिंह का हुआ निधन, जिम में कसरत के दौरान आया हार्ट अटैक

वंदे भारत-(हर्ष शर्मा) किसान आंदोलन के चलते हरियाणा और पंजाब के खनौरी बॉर्डर पर तैनात डीएसपी (DSP) की हार्ट अटैक की मौत हो गई. डीएसपी दिलप्रीत सिंह जिम में कसरत कर रहे थे. उनके निधन पर पंजाब पुलिस (Punjab Police) के डीजीपी ने शोक जताया है.

जानकारी के अनुसार, डीएसपी दिलप्रीत सिंह (50) मलेरकोटला में तैनात थे, लेकिन मौजूदा समय में खनौरी बॉर्डर में उनकी ड्यूटी थी. वह लुधियाना-फिरोजपुर रोड पर भाई बाला चौक के पास एक होटल के जिम में कसरत कर रहे थे. इस दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया और उन्हें अस्पताल ले जाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

लुधियाना के रहने वाले दिलप्रीत सिंह नियमित जिम जाते थे. इससे पहले, उन्होंने लुधियाना में एसीपी के रूप में कार्य किया है. उनके सहयोगियों के अनुसार दिलप्रीत अपने स्वास्थ्य के प्रति बहुत जागरूक थे. वह जिम जाना कभी नहीं भूलते थे. वह शाम करीब चार बजे जिम पहुंचे थे. व्यायाम करते समय उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत हुई और वह अचानक गिर पड़े. उनके गनमैन ने जिम के अन्य सदस्यों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. डीएसपी दिलप्रीत सिंह की ड्यूटी खनौरी बॉर्डर पर थी. उनकी रात की शिफ्ट थी. वह रात 8 बजे से लेकर सुबह 4 बजे तक ड्यूटी पर थे. सुबह ड्यूटी के बाद जिम गए थे.

राष्ट्रीय स्तर के तैराक दिलप्रीत सिंह 1992 में सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) के रूप में पुलिस बल में शामिल हुए थे. उन्होंने पंजाब के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में सेवा की और बाद में उन्हें असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट पुलिस के रूप में पदोन्नत किया गया और उनकी बहन भी एक अंतरराष्ट्रीय तैराक थीं.

किसलिए थे चर्चित

अपनी सेवा के दौरान उन्होंने कई मामले सुलझाए, सबसे उल्लेखनीय तब था जब उनके नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने एक बर्खास्त सैनिक की गिरफ्तारी के साथ फर्जी सेना नौकरी घोटाले का पता लगाया। गिरोह ने सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर कई युवाओं को ठगा था। दिलप्रीत ने अपनी टीम के साथ एक स्थानीय ज्वेलर और उसकी पत्नी के दोहरे हत्याकांड को भी सुलझाया था.

डीजीपी ने क्या कहा

पंजाब के डीजीपी गौरव अरोड़ा ने डीएसपी के निधन पर शोक जताया और कहा कि हमने पिछले कल अपने बहादुर डीएसपी दिलप्रित सिंह को खो दिया. वह खनौरी बॉर्डर पर तैनात थे. डीजीपी ने कहा कि वह 31 साल से पंजाब पुलिस में सेवारत थे. हम उनके परिवार के साथ खड़े हैं. हमारी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं